
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब सरकार की तरफ से होशियारपुर के दो बड़े तोहफे दिए गए हैं। पहला है धोबीघाट चौक से चोअ पर पुल और दूसरा नई कचहरी के समीप करीब साढे 4 एकड़ में सरकारी स्कूल बनाया जा रहा है। इसके अलावा बूथगढ़ का पुल एवं बिलासपुर का पुल भी सरकार की बड़ी देर रही है। यह जानकारी विधायक ब्रमशंकर जिम्पा ने रैस्ट हाउस में पत्रकारों के साथ बातचीत में दी। उन्होंने कहा कि वह काफी समय से प्रयासरत थे कि महावीर सेतु के अलावा जो काजवे श्री राम लीला मैदान एवं धाबीघाट चौक के समीप हैं उनमें से किसी एक पर पुल का निर्माण हो ताकि एक पुल पर बढ़ते यातायात की समस्या को विभाजित किया जा सके।

उनकी मेहनत रंग लाई तथा सरकार ने धोबीघाट चौक से पुल के निर्माण को हरी झंडी दे दी है, जो कि करीब सवा 8 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक तकनीक से पुल का निर्माण होगा। इसके साथ ही बजवाड़ा स्कूल बंद होने के बाद उन्होंने जनता से वायदा किया था कि अगर जनता ने उन्हें मौका दिया तो वह एक स्कूल का निर्माण करवाएंगे तथा यह प्रयास भी उनका सफल रहा है। उन्होंने बताया कि नई कचहरी के समीप नगर निगम की करीब 13 एकड़ जगह है, जिसमें से करीब साढे 4 एकड़ जमीन स्कूल बनाने के लिए सरकार को दी जा रही है। जिसके लिए लंबी चौड़ी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा है तथा इसके लिए सरकार बनते ही उन्होंने हाउस से प्रस्ताव पारित करके सरकार को भेज दिया था और उसे कैबिनेट से पास भी करवाया था। क्योंकि, नगर निगम की जगह को ट्रांसफर नहीं किया जा सकता था, इसके लिए कैबिनेट ने विशेष मंजूरी दी है। श्री जिम्पा ने बताया कि यह स्कूल करीब 20 गांवों को कवर करेगा और वहां के बच्चे एक बेहतर सरकारी स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर पाएंगे।
उन्होंने बताया कि स्पोर्टस को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा हर गांव में स्पोर्टस स्टेडियम बनाए जा रहे हैं, जिससे युवा एवं बच्चे खेलों के साथ जुड़ सकेंगे। इसके साथ ही एथलेटिक्स को बढ़ावा देने के लिए मंग अनुसार कुछ 100 मीटर का एस्ट्रो टर्फ भी बनाया जा रहा है ताकि हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर का अभ्यास कर सकें। इस दौरान उन्होंने शहर के विकास से जुड़े अन्य मुद्दों पर कहा कि जल्द ही सड़कों एवं गलियों के कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने माना कि कुछ कार्यों में देरी हो रही है तथा उन्होंने कहा कि इसके लिए बारिश एवं मौसम का भी प्रभाव रहा है। परन्तु अब कार्यों में तेजी लाई जाएगी। इस अवसर पर मेयर सुरिंदर कुमार, जिला परिषद सदस्य कुलजीत सिंह, कुलविंदर सिंह हुंदल, तीर्थ राम, बलविंदर सिंह, प्रयागदीप संगर सहित अन्य आप कार्यकर्ता मौजूद थे।












