
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-अवतार टाक। होशियारपुर के कमालपुर चौक में ट्रैफिक समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। यहां आए दिन लंबा जाम लगने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ट्रैफिक विभाग की तमाम कोशिशों के बावजूद समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है। जाम की स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि कई बार लोगों को अपनी मंज़िल तक पहुंचने में घंटों लग जाते हैं।

खासकर आपातकालीन स्थिति में फंसे मरीजों और उनके परिजनों की मुश्किलें और भी बढ़ जाती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अव्यवस्थित ट्रैफिक, अवैध पार्किंग और बढ़ते वाहनों की संख्या जाम का मुख्य कारण है। लोगों ने जिला पुलिस और ट्रैफिक पुलिस प्रशासन से मांग की है कि कमालपुर चौक की इस गंभीर समस्या का जल्द से जल्द ठोस समाधान निकाला जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।











