
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। धन गुरु रामदास लंगर सेवा, पुरहीरां चंडीगढ़ बाइपास रोड, होशियारपुर के मुख्य सेवादार गुरलियाकत सिंह बराड़ ने कुलवंत सिंह सैनी जल्लोवाल और बलवीर सिंह शेरगढ़ के साथ मिलकर डिप्टी कमिश्नर होशियारपुर को एक पत्र देकर निवेदन किया है कि उक्त स्थान की ओर से पूरे पंजाब के सभी सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क लंगर सेवा की जा रही है। इस सेवा के अंतर्गत लगभग 29 बोलेरो महिंद्रा गाड़ियां और 1 ट्रक लगातार सेवा में लगाए गए हैं, जो पूरी तरह से जनसेवा के लिए हैं।

इससे किसी भी प्रकार की कोई आय प्राप्त नहीं की जाती। ये सभी वाहन केवल लंगर सेवा के लिए ही उपयोग किए जाते हैं। हमारी ओर से निवेदन है कि सरकार द्वारा लगाए जाने वाले इन सभी वाहनों के टैक्स माफ किए जाएं, ताकि उन पैसों से सेवा को और अधिक बढ़ाया जा सके। डिप्टी कमिश्नर होशियारपुर के मौके पर उपस्थित न होने के कारण यह पत्र अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमरबीर कौर भुल्लर को उचित कार्रवाई हेतु सौंपा गया। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि यह पत्र होशियारपुर से संबंधित सभी विधायकों (एम.एल.ए.) को दिया जाएगा। इस पत्र के माध्यम से जोरदार अपील की जाती है कि सेवा को ध्यान में रखते हुए उनके सभी सरकारी टैक्स माफ किए जाएं।












