
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिला न्यायिक परिसर, होशियारपुर में न्यायिक प्रक्रिया को अधिक संवेदनशील, सुरक्षित और पीड़ित-हितैषी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत वलनरेबल विटनेस डेपोजिशन सेंटर का उद्घाटन किया गया। इस केंद्र का उद्घाटन पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की न्यायाधीश व सेशन डिवीजन की प्रशासनिक न्यायाधीश जस्टिस मीनाक्षी आई मेहता की ओर से किया गया। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश होशियारपुर रजिंदर अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। न्यायिक परिसर में पहुंचने पर पंजाब पुलिस की टुकड़ी की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

जस्टिस मीनाक्षी आई मेहता ने बताया कि इस केंद्र की स्थापना का उद्देश्य संवेदनशील मामलों में गवाहों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों तथा कमजोर वर्गों से संबंधित पीड़ितों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं तनाव-मुक्त वातावरण में बयान दर्ज कराने की सुविधा प्रदान करना है। केंद्र में आधुनिक ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग प्रणाली, गोपनीयता सुनिश्चित करने के उपाय तथा मनोवैज्ञानिक रूप से अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया गया है, जिससे गवाह बिना भय या दबाव के अपना बयान दे सकें।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति मीनाक्षी आई. मेहता ने कहा कि न्याय व्यवस्था को अधिक मानवीय बनाना समय की आवश्यकता है तथा इस प्रकार के केंद्र पीड़ितों के विश्वास को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं। जिला एवं सत्र न्यायाधीश रजिंदर अग्रवाल ने बताया कि यह सुविधा न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और संवेदनशील बनाने में सहायक सिद्ध होगी।












