
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शहर के ऊना रोड से बहादुरपुर की ओर जाने वाले रास्ते पर पिछले करीब 6 महीनों से पीने के पानी की पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण लगातार पानी बहकर बर्बाद हो रहा था। हैरानी की बात यह थी कि इस रास्ते से कई पार्षद, प्रधान और विधायक भी गुजरते रहे, लेकिन किसी ने भी इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए ठीक करवाने की जहमत नहीं उठाई। मामले की जानकारी मिलने पर पंजाब कांग्रेस सेवादल के सचिव अशोक सूद (हैप्पी) ने तुरंत इस समस्या को मेयर प्रवीण सैनी और नगर निगम कमिश्नर ज्योति बाला मट्टू के ध्यान में लाया।

इसके बाद मेयर और कमिश्नर ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित टीम को मौके पर भेजा और पानी की पाइपलाइन में हुई लीकेज को ठीक करवा दिया। लीकेज ठीक होने पर इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली और हैप्पी सूद का धन्यवाद किया। इस मौके पर हैप्पी सूद ने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान करवाना वह अपना सौभाग्य समझते हैं। उनका प्रयास हमेशा रहेगा कि जनता को पेश आने वाली समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उनका समाधान करवाया जाए। इस अवसर पर राजीव सूद, कश्मीरा सिंह, डॉ. जाखू, महेश कुमार, रवि सोनी, पंडित अजय शास्त्री, ठाकुर गुरबख्श, सतनाम सिंह, जीता, गुड्डू, सुमन और दीपक शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे।











