Friday, October 30, 2026
Home Hoshiarpur ई-सेवा पोर्टल पर लंबित आवेदनों के निपटारे में बेहतर प्रदर्शन करने वाले...

ई-सेवा पोर्टल पर लंबित आवेदनों के निपटारे में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को जिलाधीश ने किया सम्मानित

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने ई-सेवा पोर्टल पर लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने और बेहतर कार्य प्रदर्शन करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को जिला प्रबंधकीय कॉम्प्लेक्स में सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आम लोगों को सरकारी सेवाएं समय पर उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि लोगों को अपने काम करवाने में किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Advertisements

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि ई-सेवा पोर्टल पर लंबित आवेदनों के निपटारे के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष अभियान चलाया गया था। इस अभियान के तहत 1 लाख 22 हजार से अधिक लंबित आवेदनों का निपटारा किया गया। इस प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप ई-सेवा पोर्टल की रैंकिंग में होशियारपुर जिले ने उल्लेखनीय सुधार करते हुए 18वें स्थान से दूसरा स्थान हासिल किया है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और बेहतर तालमेल का परिणाम है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी लगन और जिम्मेदारी के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया। आशिका जैन ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से शुरू किए गए नए डीजी पंजाब पोर्टल पर भी आवेदनों का निपटारा ई-सेवा पोर्टल की तर्ज पर प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को सरकारी सेवाएं सरल, सुविधाजनक और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें अपने कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

इस अवसर पर कैप्टन गुरप्रीत कौर पीसीएस, इंजीनियर अमनदीप कौर पीसीएस, जिला आईटी मैनेजर करमजीत सिंह, जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी नरेश कुमार, तहसीलदार होशियारपुर मनदीप सिंह, तहसीलदार गढ़शंकर लवदीप सिंह, नायब तहसीलदार होशियारपुर कुलविंदर सिंह, नायब तहसीलदार मुकेरियां तरसेम लाल, तहसीलदार कार्यालय होशियारपुर से कुलदीप सिंह, तहसीलदार कार्यालय गढ़शंकर से कुलतार सिंह, पटवारी अमनदीप सिंह और मनप्रीत सिंह तथा सीएमओ मनदीप कमल माही को सम्मानित किया गया। इसके अलावा सिविल सर्जन कार्यालय से अतिरिक्त जिला रजिस्ट्रार तेजिंदर पाल सिंह, सुपरिंटेंडेंट सतपाल और मनदीप पाल को भी लंबित आवेदनों के निपटारे में बेहतर कार्य प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here