
जम्मू-कश्मीर (द स्टैलर न्यूज़)। कश्मीर घाटी में सुरक्षा स्थिति सामान्य होने के बाद प्रशासन ने सभी क्षेत्रों में प्रतिबंध हटा दिए है। प्रशासन ने पाबंदियां हटाकर मोबाइल इंटरनेट बहाल कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों ने बताया कि यह फैसला हालात शांतिपूर्ण और नियंत्रण में रहने पर लिया गया है। तय व्यवस्था के अनुसार शनिवार को पूरी घाटी में गाड़ियों की आवाजाही पहले की तरह शुरू हो जाएगी लेकिन सुरक्षाबल कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हालात पर कड़ी नजर रखेंगे।

अधिकारियों के मुताबिक कई स्थानों पर लगाए गए बैरिकेड्स भी हटा दिए गए हैं। लाल चौक स्थित ऐतिहासिक घंटाघर के आसपास भी लगाए गए अवरोधक हटा लिए गए हैं। बताया गया कि शनिवार सुबह से लाल चौक और शहर के अन्य इलाकों में दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान खुल गए हैं, जबकि सार्वजनिक और निजी परिवहन भी सामान्य रूप से चलने लगा है।शैक्षणिक संस्थान अभी बंद हैं और 9 मार्च से फिर से खुलने वाले हैं।अधिकारियों ने कहा कि शहर में तैनात पुलिस और अर्धसैनिक बलों की अधिकांश तैनाती भी हटा ली गई है, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।












