
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एयरस्ट्राइक की। अफगानिस्तान के अस्पताल पर पाकिस्तान की तरफ से किए गए हवाई हमले में लगभग 400 निर्दोष लोग मारे गए और 250 घायल हुए। इस हमले ने जहां एक तरफ पाकिस्तान की साजिशों को उजागर करते हुए कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं दूसरी ओर पूरे अफगानिस्तान में इस हमले ने डर और आक्रोश फैला दिया है। अधिकारियों के अनुसार, यह हमला अफगानिस्तान में पाकिस्तान की बढ़ती हस्तक्षेप नीति का संकेत भी माना जा रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, काबुल के दारुलअमान, अरजान कीमत, खैरखाना और काबुल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास कई जगहों पर धमाकों की आवाजें सुनी गईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय अचानक लगातार धमाके और फायरिंग की आवाजें सुनाई दे रही थीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पाकिस्तानी सेना ने काबुल में एक नशा मुक्ति अस्पताल को निशाना बनाकर बम गिराए। तालिबान के मुताबिक उस समय अस्पताल में इलाज करा रहे कई लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। तालिबान सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे मानवता के खिलाफ अपराध बताया है।












