Friday, October 23, 2026
Home Education सरकारी स्कूल के छात्र ने लहराया परचम, करणजोत ने 600 में से...

सरकारी स्कूल के छात्र ने लहराया परचम, करणजोत ने 600 में से 588 अंक किए हासिल

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़), नीरज धीमान। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित मिडिल कक्षा के परिणामों में सरकारी हाई स्कूल गोबिंदपुर खुण-खुण के छात्र करणजोत सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 600 में से 588 अंक प्राप्त कर और मेरिट में स्थान हासिल करके स्कूल ही नहीं बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि से स्कूल में खुशी का माहौल है और शिक्षकों व अभिभावकों में गर्व की भावना देखी जा रही है।

Advertisements

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी गुरिंदरजीत कौर ने छात्र को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम सरकारी स्कूलों में दी जा रही गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

प्रिंसिपल शैलेंद्र ठाकुर और मुख्य अध्यापिका समृतु राणा ने भी छात्र की इस उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि करणजोत सिंह शुरू से ही पढ़ाई में होनहार रहा है और उसने अपनी लगन व मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। स्कूल स्टाफ ने इस सफलता को टीम वर्क का परिणाम बताते हुए कहा कि सभी शिक्षकों ने मिलकर विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने का प्रयास किया है।

विशेष बात यह रही कि छात्र के माता-पिता रमनदीप सिंह और राजदीप कौर स्वयं सरकारी स्कूल में अध्यापक हैं। उन्होंने अपने बेटे को निजी स्कूल में भेजने के बजाय सरकारी स्कूल में पढ़ाकर एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है। इस अवसर पर अधिकारियों और शिक्षकों ने इस अध्यापक दंपति को भी विशेष रूप से बधाई दी और कहा कि उन्होंने समाज के सामने एक सकारात्मक संदेश रखा है।

अधिकारियों ने कहा कि सरकारी स्कूलों में आज बेहतर सुविधाएं, योग्य शिक्षक और अनुकूल वातावरण उपलब्ध है, जिसके चलते विद्यार्थियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह की सफलताएं अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करेंगी। इस उपलब्धि से न केवल स्कूल बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है और यह साबित हो गया है कि सरकारी स्कूल भी उत्कृष्ट परिणाम देने में पूरी तरह सक्षम हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here