
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के एक औद्योगिक क्षेत्र में गैस पाइपलाइन में विस्फोट होने से करीब आठ लोगों की मौत हो गई। यह घटना हरिपुर जिले के ‘हत्तर इंडस्ट्रियल एस्टेट’ में हुई। बताया जा रहा है कि यह विस्फोट ‘ग्रैंड ट्रंक रोड’ के पास एक कारखाने के निकट हुआ, जहां गैस पाइपलाइन में हुए जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई। निकट स्थित एक मकान भी आग की चपेट में आ गया, जिससे नुकसान बढ़ गया और बचाव कार्य जटिल हो गया।

हरिपुर के जिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि आग के तेजी से फैलने के बीच करीब चार महिलाओं और छह बच्चों को बचा लिया गया है। उन्होंने बताया कि कई महिलाएं और बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए हैं और बचाव कार्य जारी है। हरिपुर के उपायुक्त वसीम अहमद ने कहा कि लोगों की मौत का मुख्य कारण दम घुटना प्रतीत होता है।












