
चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। ट्राइडेंट ग्रुप ने अपने सभी प्रमुख स्थानों पर वार्षिक ‘मिशन डे 2026′ के उपलक्ष में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस दौरान सभी बिजनेस डिवीज़न की टीमों ने एक मंच पर आकर प्रदर्शन, उद्देश्य और साझा लक्ष्यों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। यह वार्षिक मंच कंपनी की रणनीतिक प्राथमिकताओं में तालमेल स्थापित करने के साथ प्रत्येक बिजनेस यूनिट को आने वाले वर्ष के लिए अपने लक्ष्य और कार्यान्वयन की रूपरेखा स्पष्ट करने का अवसर देता है, जिससे पारदर्शिता, जवाबदेही और सतत विकास को गति मिलती है।

इस साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए, समारोह में यार्न, टॉवल, शीटिंग, पेपर, केमिकल्स और एनर्जी जैसे विभिन्न बिजनेस क्षेत्रों में कुल 350 पुरस्कार प्रदान किए गए। इन पुरस्कारों के जरिए उत्कृष्ट प्रदर्शन, नवाचार और प्रतिबद्धता दिखाने वाले कर्मचारियों और टीमों को सम्मानित किया गया।
चेयरमैन एमेरिटस, ट्राइडेंट ग्रुप, राजिंदर गुप्ता ने इस अवसर पर एक विशेष रूप से रिकॉर्ड किए गए संदेश के माध्यम से कर्मचारियों को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने कहा कि, “मिशन डे हमारी दीर्घकालिक दिशा को दर्शाता है। हमारा लक्ष्य 33% कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट (सी.ऐ.जी.आर) हासिल करना है, साथ ही फ्री कैश फ्लो को मजबूत करना और वैश्विक स्तर पर उत्कृष्टता स्थापित करना है। लागत अनुकूलन पर निरंतर ध्यान और स्थिरता, ऑटोमेशन तथा एआई-आधारित प्रौद्योगिकियों के एकीकरण के साथ, हम एक अधिक दक्ष संगठन का निर्माण करें, जो दृष्टिकोण में लचीला, कार्यान्वयन में चुस्त और भविष्य के अवसरों के लिए पूरी तरह तैयार हो।”
कार्यक्रम में कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, संगीत और नृत्य ने माहौल को जीवंत बना दिया। इन रचनात्मक पलों ने टीमों के बीच जुड़ाव को मजबूत किया, उत्साह बढ़ाया और साझा गर्व की भावना को प्रबल किया, जो ट्राइडेंट की मजबूत ‘पीपल-सेंट्रिक’ संस्कृति और प्रदर्शन पर फोकस को दर्शाता है।










