
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। अमेरिका के कैलिफोर्निया में लॉस एंजिल्स के पाकोइमा में एक छोटा विमान क्रैश हो गया। यह घटना व्हिटमैन हवाई अड्डे के पास हुई, जब एक हल्का सिंगल-इंजन विमान उतरने की कोशिश कर रहा था। बताया जा रहा है कि विमान काफी नीचे उड़ रहा था और तभी वह बिजली के तारों से टकरा गया। टकराते ही विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह पलटते हुए नीचे गिर गया। यह पूरी घटना पास में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। इस हादसे में 70 साल के पायलट को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मौके पर मौजूद लोगों ने पायलट की जान बचाने में मदद की। एक व्यक्ति ने बताया कि पायलट का शरीर विमान में फंसा हुआ था, लेकिन कुछ लोगों ने मिलकर उसे बाहर निकाला। दमकल विभाग के अनुसार, यह विमान एक सिंगल-इंजन सेसना था, जो उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद हादसे का शिकार हो गया।

बताया गया कि विमान हवाई अड्डे के आसपास चक्कर लगा रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई। आखिर में यह एक ऑटो शॉप के पास पार्किंग में जाकर गिरा। इस हादसे के बाद इलाके में बिजली भी चली गई, जिससे कई घरों और दुकानों पर असर पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हवाई अड्डा घनी आबादी वाले इलाके में है, जिससे ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है। कुछ लोगों ने इस घटना के बाद हवाई अड्डे को बंद करने की मांग भी तेज कर दी है। उनका कहना है कि पहले भी यहां कई हादसे हो चुके हैं, इसलिए अब सुरक्षा को देखते हुए कड़ा फैसला लेना जरूरी है। वहीं, अधिकारियों ने कहा है कि इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि हादसा किन कारणों से हुआ।












