
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। इटली की जेल में होशियारपुर के नौजवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना प्राप्त हुई है। इटालियन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, युवक को रविवार शाम वॉटर पार्क के नजदीकी शहर विला कारचीना की पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे कैंटोन मोम्बेलो जेल भेज दिया गया, जहां कुछ घंटों बाद ही वह जेल की कोठरी में मृत पाया गया। ब्रेसिया के जिला मजिस्ट्रेट ने इस घटना की उच्च स्तरीय जांच और पोस्टमार्टम के आदेश दिए हैं। मृतक युवक इटली में राजनीतिक शरण लेकर रह रहा था। खबर लिखे जाने तक इटालियन पुलिस ने युवक की पहचान सार्वजनिक नहीं की थी। दूसरी ओर, पंजाब से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सुखविंदर सिंह सोनू, पुत्र गुरमीत सिंह, निवासी गांव मियाणी, जिला होशियारपुर के रूप में हुई है।

प्रैस को जानकारी देते हुए मृतक के पिता गुरमीत सिंह ने बताया कि 5 साल पहले उन्होंने कर्ज लेकर अपने बेटे को इटली भेजा था। वह दो बहनों का इकलौता भाई था। कुछ समय पहले उसकी मां की भी मौत हो गई थी। उनका कहना है कि सुखविंदर सिंह अच्छे स्वभाव का लड़का था और उस पर लगे आरोप गलत हैं। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री से अपील की है कि परिवार को इंसाफ दिलाया जाए और शव को भारत लाने में परिवार की मदद की जाए। इटली के लोम्बार्डिया प्रांत के ब्रेसिया जिले के अंतर्गत आने वाले शहर कॉनचेसीओ के एक वॉटर पार्क में रविवार को 13 साल की 4 लड़कियों के साथ कथित तौर पर यौन छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस हिरासत में लिए गए 23 वर्षीय पंजाबी युवक द्वारा जेल की कोठरी में आत्महत्या करने का मामला सामने आया है।












