
हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के हलके गढ़ी सांपला-किलोई की एकमात्र नगर पालिका सांपला के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी गरमा गई हैं। भाजपा ने चेयरमैन पद का टिकट कांग्रेस छोड़कर आए प्रवीण कोच को दिया है, जो पहले भी नपा के चेयरमैन रह चुके हैं। साथ ही 16 में से 15 वार्ड प्रत्याशियों का टिकट घोषित कर दिया है। इसमें छह महिलाओं को टिकट दिया गया है। केवल वार्ड 12 का टिकट घोषित होना बाकी है। भाजपा के चेयरमैन पद के उम्मीदवार प्रवीण कोच ने बताया कि वे शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

उनके नामांकन पत्र दाखिल करने में पार्टी के वरिष्ठ नेता भी शामिल होने की चर्चा है। बता दें कि प्रवीण कोच कांग्रेस में रह चुके हैं। उन्होंने 2008 में सांपला नगर पालिका में पार्षद का चुनाव लड़ा था। पार्षदों के सहयोग से वह पहली बार चेयरमैन बने थे। हाल में प्रवीण ने बीजेपी ज्वाइन की थी। पार्टी ने प्रवीण कोच पर जीत का भरोसा जताया है। वहीं पार्टी के कई कार्यकर्ता टिकट के लिए चुनाव मैदान में थे।












