
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज)। विधायक ब्रम शंकर जिंपा ने शुक्रवार को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट पिपलांवाला, होशियारपुर में 30 एम.एल.डी. शोधित पानी को जमीनदोज नालों के माध्यम से खेतों की सिंचाई के लिए उपयोग में लाने वाले महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया। भूमि संरक्षण विभाग की ओर से करीब 11 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किए गए इस प्रोजेक्ट से किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा और प्राकृतिक जल स्रोतों पर निर्भरता कम होगी। इससे न केवल पानी की बचत होगी बल्कि किसान उन्नत खेती करने में भी सक्षम होंगे।

इस अवसर पर विधायक ब्रम शंकर जिंपा ने कहा कि पिपलांवाला स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से शोधित होकर निकलने वाला पानी अब इलाके के सात गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत लगभग 40 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है, जिसके माध्यम से शोधित पानी खेतों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे जहां एक ओर शहर के गंदे पानी के निपटारे की समस्या का समाधान होगा, वहीं दूसरी ओर उसी पानी को शोधित कर खेती के लिए उपयोग में लाया जाएगा। इससे भूजल स्तर पर पड़ने वाला दबाव कम होगा और किसानों को सिंचाई के लिए वैकल्पिक जल स्रोत मिलेगा। विधायक जिंपा ने कहा कि पंजाब सरकार किसानों की भलाई और जल संरक्षण के लिए लगातार प्रयासरत है तथा ऐसे प्रोजेक्ट भविष्य में भी जारी रहेंगे।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना किसानों की आर्थिक मजबूती और जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। इस परियोजना से खेती की लागत कम होगी और जल संकट से जूझ रहे क्षेत्रों को राहत मिलेगी। इस मौके पर सुरिंदर कुमार, जसवंत राय, सतीश सैनी, राकेश शर्मा, तरनजीत सिंह, मंजोत कौर, संजय शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।












