
ओडिशा (द स्टैलर न्यूज़)। ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा होने का समाचार प्राप्त हुआ है। चांदीपोश थाना क्षेत्र के पास मुसाबीरा इलाके में देर रात बस और ट्रक की सीधी टक्कर में 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ जब एक यात्री बस राउरकेला से जगतसिंहपुर की ओर जा रही थी। रात के अंधेरे की वजह से बस सड़क की गलत लेन में चलने लगी। इसी दौरान, सामने से आ रहे एक ट्रक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और बस से आमने-सामने टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बस चालक और कंडक्टर ने भी बाद में दम तोड़ दिया। इसके अलावा 1 यात्री की भी जान चली गई, जिससे कुल मृतकों की संख्या 4 बताई जा रही है। इस हादसे में 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जबकि 1 को आईसीयू में रखा गया है। घायलों को तुरंत राउरकेला के आरजीएच में भर्ती किया गया। घायलों में से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है और डॉक्टर उन्हें बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।












