Monday, October 5, 2026
Home Education कनाडा की आर्मी में उच्च पद हासिल कर हरियाना के रजत ने...

कनाडा की आर्मी में उच्च पद हासिल कर हरियाना के रजत ने देश, प्रदेश और क्षेत्र का मान बढ़ाया

होशियारपुर/हरियाना (द स्टैलर न्यूज़)। कहा जाता है कि मेहनत, लगन और समर्पण से जीवन का हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। इसके साथ ही एक मेहनती व्यक्ति देश-विदेश के किसी भी हिस्से में चला जाए, वहां भी वह अपनी सफलता के झंडे बुलंद कर दिखाता है। इस कहावत को सच कर दिखाया है कस्बा हरियाणा के होनहार युवक रजत भल्ला, पुत्र अश्वनी भल्ला एवं माता कमलेश भल्ला , जिन्होंने कनाडा की आर्मी में अधिकारी का पद प्राप्त कर अपने माता-पिता, परिवार, क्षेत्र, प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।

Advertisements

रजत भल्ला की इस बड़ी उपलब्धि के बारे में जैसे ही परिवार को फोन के माध्यम से जानकारी मिली, तो भल्ला परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। यह गौरव का क्षण केवल परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे कस्बा हरियाणा और जिला होशियारपुर के लिए भी सम्मान की बात बन गया। आर्मी में उच्च पद प्राप्त करने के उपरांत उनके उच्च अधिकारियों द्वारा रजत भल्ला को पद के प्रति कर्मनिष्ठा, समर्पण भावना, सत्यता और ईमानदारी बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।

इस संबंध में जानकारी देते हुए रजत भल्ला के पिता अश्वनी भल्ला , माता अनुराधा भल्ला , दादी कमलेश भल्ला , ताया सुरेश भल्ला उर्फ लाडी तथा ताई नेहा भल्ला ने इस खुशी के पल साझा करते हुए बताया कि उनके पुत्र की यह सफलता पूरे परिवार के लिए अत्यंत गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि रजत बचपन से ही मेहनती, लगनशील और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहा है तथा हर कार्य को पूरी ईमानदारी और मेहनत से पूरा करने में विश्वास रखता था। उन्होंने बताया कि रजत भल्ला ने वर्ष 2016 में वुडलेण्ड स्कूल से बारहवीं कक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण करने के बाद विदेश जाने की इच्छा को लेकर आईलेट्स की परीक्षा पास की और सितंबर 2016 में कनाडा के ब्रैम्पटन शहर में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए रवाना हो गया। वहां उसने तीन वर्ष की उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद अपने सपने की ओर कदम बढ़ाते हुए आर्मी में उच्च पद प्राप्त करने के लिए परीक्षा दी, जिसे उसने सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर अपना सपना साकार किया।

इसके अतिरिक्त बिजनेस एंड मैनेजमेंट की पढ़ाई करने के बाद रजत ने लॉ (कानून) की डिग्री भी प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए परिवार का नाम रोशन किया। रजत भल्ला की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल बना हुआ है। शहरवासियों, मित्रों, रिश्तेदारों और विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों द्वारा भल्ला परिवार को लगातार बधाइयां दी जा रही हैं तथा बधाई देने वालों का मुंह मीठा भी करवाया जा रहा है। उनकी कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण ने यह साबित कर दिया है कि मजबूत इरादों और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here