
बिहार (द स्टैलर न्यूज़)। बिहार के भागलपुर जिले में एक हादसा होने का समाचार प्राप्त हुआ है। यहां गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा देर रात को गिर गया। हालांकि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। बता दें कि यह विक्रमशिला सेतु 4.7 किलोमीटर लंबा है, जो भागलपुर और नवगछिया को जोड़ता है। वहीं इस हादसे को लेकर जिलाधिकारी का कहना है कि यातायात को रोक दिया गया है। कोई भी हताहत नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं विपक्ष ने इस हादसे के बाद सरकार पर निशाना साधा है। वहीं हादसे को लेकर भागलपुर के जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने कहा, “रात करीब 12:50 बजे विक्रमशिला सेतु के पिलर संख्या 133 के पास दो स्लैब के बीच दरार बन गई। इसके कुछ ही देर बाद एक बड़ा स्लैब नदी में गिर गया।”

उन्होंने कहा कि किसी वाहन के स्लैब के साथ गिरने, किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई सूचना नहीं है। जिलाधिकारी ने कहा, “जैसे ही अधिकारियों को दो स्लैब के बीच दरार बनने की सूचना मिली, उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए वहां से सभी वाहनों और लोगों को हटा दिया।” जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने बताया कि पुल के नवगछिया और भागलपुर दोनों ओर यातायात रोक दिया गया है। उन्होंने इन दोनों स्थानों के बीच यात्रा करने वाले लोगों से मुंगेर के रास्ते वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की। घटना के संभावित कारणों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “एक विशेषज्ञ इंजीनियरिंग समिति का गठन किया गया है, जो इस घटना की जांच करेगी और ध्वस्त होने के कारणों का पता लगाएगी। विशेषज्ञ टीम इस घटना की गहन जांच करेगी।”












