Sunday, October 11, 2026
Home Education शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की कवायद: होशियारपुर के 11 स्कूलों में ‘फाउंडेशनल लर्निंग स्टडी’ संपन्न

शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की कवायद: होशियारपुर के 11 स्कूलों में ‘फाउंडेशनल लर्निंग स्टडी’ संपन्न

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज), रिपोर्ट-नीरज धीमान। पंजाब राज्य के शिक्षा विभाग द्वारा प्राथमिक स्तर पर शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने के लिए एक विशेष राज्यव्यापी अभियान शुरू किया गया है। इसी कड़ी के तहत राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT), पंजाब के निर्देशानुसार होशियारपुर में ‘फाउंडेशनल लर्निंग स्टडी’ (FLS) 2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। जिला लेवल कोआर्डीनेटर मैडम रितु कुमरा की देखरेख में तीसरी कक्षा के विद्यार्थियों (जो अब चौथी कक्षा में प्रवेश कर चुके हैं) की बुनियादी सीखने की क्षमता का बारीकी से विश्लेषण किया गया।

Advertisements

इन स्कूलों में हुआ शैक्षणिक सर्वेक्षण जिले के कुल 11 चयनित स्कूलों में यह सर्वे प्रक्रिया चलाई गई। इसमें सरकारी प्राइमरी स्कूल वस्सी बाजीद, बसी जलाल, बोदल, बुल्लोवाल, छांगला, हाजीपुर-2 और ताजोवाल के साथ-साथ निजी क्षेत्र के जगत ज्योति पब्लिक स्कूल, संत बाबा भाग सिंह स्कूल, संत फरीद पब्लिक स्कूल और विवेक पब्लिक स्कूल को शामिल किया गया। इस अध्ययन का मुख्य केंद्र बिंदु बच्चों की भाषा और गणितीय आधार को समझना था।

कोआर्डीनेटर ने खुद संभाली कमान जिला लेवल कोआर्डीनेटर मैडम रितु कुमरा ने स्वयं संत बाबा भाग सिंह स्कूल, संत फरीद पब्लिक स्कूल और सरकारी स्कूल ताजोवाल का दौरा कर अपनी निगरानी में सर्वे कार्य करवाया। उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण अभियान में ब्लॉक रिसोर्स कोआर्डीनेटर मुनीर और फील्ड इनवैस्टीगेटरज़ की पूरी टीम ने दिन-रात एक कर विशेष सहयोग दिया, जिससे कार्य निर्बाध रूप से पूरा हो सका।

परख पोर्टल पर अपलोड हुआ डाटा मैडम रितु कुमरा ने पुष्टि की कि जिले के सभी निर्धारित केंद्रों पर सर्वे का काम सुचारू रूप से संपन्न हो गया है। सर्वे के दौरान प्राप्त हुए महत्वपूर्ण आंकड़ों और परिणामों को केंद्र सरकार के आधिकारिक ‘परख पोर्टल’ पर अपलोड कर दिया गया है। गौरतलब है कि इस अध्ययन से प्राप्त निष्कर्ष भविष्य में प्राथमिक शिक्षा के पाठ्यक्रम और शिक्षण विधियों में सुधार लाने के लिए बेहद अहम साबित होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here