Monday, October 5, 2026
Home Hoshiarpur विजय अरोड़ा सर्वसम्मति से पुनः प्रधान निर्वाचित

विजय अरोड़ा सर्वसम्मति से पुनः प्रधान निर्वाचित

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। लायंस क्लब होशियारपुर पर्ल की विशेष चुनावी बैठक वर्ष 2026-27 के लिए बड़े उत्साह एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित की गई। बैठक में क्लब के सभी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा आगामी वर्ष की सामाजिक गतिविधियों एवं जनसेवा से जुड़े प्रोजेक्टों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक के दौरान प्रधान पद के लिए लायन विजय अरोड़ा के नाम का प्रस्ताव लायन उमेश राणा द्वारा रखा गया, जिसे लायन अरविंद बिंद्रा ने समर्थन प्रदान किया। उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से लायन विजय अरोड़ा को वर्ष 2026-27 के लिए क्लब का प्रधान चुन लिया।

Advertisements

इसके अतिरिक्त लायन हरजीत भाटिया को सचिव, लायन अश्वनी दत्ता को कैशियर तथा लायन संजीव अरोड़ा को पीआरओ की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनिर्वाचित प्रधान लायन विजय अरोड़ा ने सभी सदस्यों का धन्यवाद करते हुए कहा कि क्लब सदैव समाजसेवा, मानवता की भलाई और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए समर्पित रहा है तथा आने वाले समय में भी सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावशाली ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा सहायता एवं जरूरतमंद परिवारों की मदद को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि समाज के हर वर्ग तक सेवा का लाभ पहुंच सके।उन्होंने आगे कहा कि लायंस क्लब होशियारपुर पर्ल आने वाले समय में पौधारोपण अभियान, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच कैंप, गरीब बच्चों को शिक्षा सामग्री वितरण तथा वरिष्ठ नागरिक सम्मान जैसे अनेक जनहितकारी प्रोजेक्ट शुरू करेगा। क्लब का उद्देश्य केवल सेवा करना ही नहीं बल्कि समाज में भाईचारे, सहयोग और मानवता की भावना को भी मजबूत करना है।

इस अवसर पर  पीआरओ संजीव अरोड़ा, नवनियुक्त सचिव लायन हरजीत भाटिया ने कहा कि सभी सदस्य मिलकर टीम भावना के साथ कार्य करेंगे और क्लब की गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे और लायन संजीव अरोड़ा ने कहा कि समाजसेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और क्लब द्वारा किए जाने वाले प्रत्येक सेवा कार्य को आम जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग इन अभियानों से जुड़ सकें। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने नवनिर्वाचित टीम को फूल मालाएं पहनाकर उनको सम्मानित किया और  बधाई देने के साथ विश्वास प्रकट किया कि नई टीम के नेतृत्व में क्लब समाजसेवा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेगा। इस अवसर पर सुखवंत सिंह, हरीश चूग, अनिल कुमार, सुखविंदर सिंह, डा. रजिंद्र गुप्ता, एच. के. नाकड़ा, उमेश राणा, अरविंद बिंद्रा, राजेश नंदा, कुमार गौरव व अन्य उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here