
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। गांव बस्सी कलां के निवासी तथा सरकारी स्कूल बस्सी कलां के पूर्व छात्र डा. सतीश कुमार चड्ढा जोकि इन दिनों कैनेडा में रह रहे हैं, ने स्कूल के लिए जेनरेटर तथा चार कम्प्यूटर भेंट किए। यह सामग्री उनकी बहन सुमन चड्ढा ने उनकी तरफ से स्कूल को भेंट की। इस मौके पर डा. सतीश के परम मित्र एवं सहपाठी पूर्व पार्षद सुदर्शन धीर भी विशेष रुप से मौजूद रहे। इस मौके पर श्री धीर ने बताया कि डा. सतीश का अपने गांव और स्कूल से विशेष नाता रहा है और उनके द्वारा स्कूल व बच्चों की भलाई के लिए जो कदम उठाया गया है वह सराहनीय है।

इस मौके पर उन्होंने डा. सतीश की बहन सुमन जोकि इंग्लैंड में रहती हैं का भी आभार व्यक्त किया कि वह विदेश में रहकर भी अपने गांव और मिट्टी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि यह सामग्री डा. सतीश, उनकी पत्नी इन्द्रा चड्ढा व पारिवारिक सदस्यों ने अपने माता पिता कमला देवी चड्ढा व नौहरिया राम चड्ढा की याद को समर्पित की है। इसके अलावा उन्होंने साइकिल शैड भी बनवाकर दिया है ताकि बच्चों की साइकिलें धूप में न खड़ी हों। श्री धीर ने बताया कि डा. सतीश ने बच्चों के नाम अपने संदेश में कहा है कि जो बच्चे पढ़ाई एवं खेलों में अग्रणीय रहते हैं वह जीवन में जरुर सफल होते हैं और जो भी बच्चा पढ़ाई में स्कूल और गांव का नाम रोशन करेगा उसे सम्मानित किया जाएगा।
श्री धीर ने बताया कि इस मौके पर आयोजित समारोह दौरान स्कूल प्रिंसिपल जतिंदर सिंह ने बहन सुमन चड्ढा के अलावा सुदर्शन धीर, पारिवारिक सदस्य तुलसी राम व मनोज कुमार को सम्मानित करते हुए चड्ढा परिवार का धन्यवाद किया। इस दौरान श्री धीर ने स्कूल की उपलब्धियों के लिए प्रिंसिपल जतिंदर सिंह को उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया।












