
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। इजराइल की वायुसेना ने लेबनान में पूर्वी बेका घाटी समेत हिजबुल्ला से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाकर हमले किए। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने लेबनानी चरमपंथियों समूहों पर हमले और तेज करने का संकल्प जताया है। नेतन्याहू की यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब हिजबुल्ला ने हाल के हफ्तों में दक्षिणी लेबनान और उत्तरी इजराइल में इजराइली सेना पर ‘फाइबर ऑप्टिक ड्रोन’ से हमले किए हैं। ‘फाइबर ऑप्टिक ड्रोन’ का इस्तेमाल यूक्रेन युद्ध में व्यापक रूप से किया गया था। नेतन्याहू ने सोमवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट किए एक वीडियो में कहा, ”हम उन पर हमला करेंगे।

यह सच है कि वे हम पर ‘फाइबर ऑप्टिक ड्रोन’ से हमला कर रहे हैं। हमारी एक विशेष टीम इस पर काम कर रही है और हम इसका भी समाधान निकालेंगे।” उन्होंने कहा, ”अब हमें अपने हमलों को और तेज करने तथा इसकी तीव्रता बढ़ाने की जरूरत है। हम उन पर करारा प्रहार करेंगे।” इस बीच, हिजबुल्ला ने कहा कि उसने दिन में पहले आठ हमले किए जिनमें उत्तरी इजराइल के मिसगाव अम में इजराइली सैनिकों पर ड्रोन हमला भी शामिल है। अमेरिका की मध्यस्थता से 17 अप्रैल से लागू युद्धविराम के बावजूद इजराइल और हिजबुल्ला के बीच रोजाना हमले जारी हैं।












