
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। रोटरी आई बैंक एवं कॉर्नियल ट्रांसप्लांटेशन सोसाइटी होशियारपुर के पदाधिकारियों ने प्रधान जे. बी. बहल व चेयरमैन एवं प्रमुख समाजसेवी संजीव अरोड़ा के नेतृत्व में सिविल सर्जन डा. मनदीप कमल से भेंट की और उन्हें ज़िले में कार्निया ब्लाइंडनेस से पीड़ित मरीजों की सूची मुहैया करवाने की मांग की व उन्हें नेत्रहीनता को खत्म करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

इस अवसर पर प्रधान जे. बी. बहल व चेयरमैन संजीव अरोड़ा ने उन्हें बताया कि रोटरी आई बैंक द्वारा अब तक 4165 नेत्रहीन लोगों का कार्निया ट्रांसप्लांट करवाकर रोशनी प्रदान की जा चुकी है तथा जिसमें 6 माह से लेकर 8 साल तक के बच्चे भी शामिल है। इसके साथ-साथ सोसाइटी की ओर 30 मरणोपरांत शरीर विभिन्न मेडिकल कॉलेजों को अनुसंधान के लिए भेजे जा चुके हैं और अरोड़ा ने बताया कि रोटरी आई बैंक देश के अलग-अलग भागो में स्थित आई बैंको एवं अस्पतालों के संपर्क में है तथा वहां से भी कॉर्निया ब्लाइंडनेस की जो सूची प्राप्त होती है उन मरीजों के आप्रेशन करवाकर उन्हें भी दुनिया देखने के काबिल बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अरोड़ा ने बताया कि अभी भी कई ऐसे मरीज है जो जागरूकता की कमी के कारण रोशनी से वंचित है इस लिए जिला स्वास्थ्य विभाग के पास अगर कोई जानकारी है तो उसकी सूची सोसाइटी को दी जाए ताकि उनके भी ऑपरेशन करवा कर उन्हें इस सुंदर संसार देखने के काबिल बनाया जा सके और अरोड़ा ने मांग की कि जिले के सभी अस्पतालों जिनमें निजी अस्पताल भी शामिल हो को निर्देश जारी किए जाएं कि नेत्रहीनता संबंधी जानकारी सिविल अस्पताल कार्यालय में उपलब्ध करवाएं ताकि कोई भी मरीज ऑपरेशन से वंचित न रह सके।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डा. मनदीप कमल ने सोसाइटी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि रोटरी आई बैंक जो कॉर्नियल ब्लाइंडनेस पीड़ितों को रोशनी देने का जो कार्य कर रही है यही मानवता की एक सच्ची सेवा है और उन्होंने आश्वस्त किया कि नेत्रहीनता को दूर करने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जायेगी तथा कॉर्निया ब्लाइंडनेस मरीजों की सूची संबंधी भी निर्देश जल्द ही जारी कर दिए जाएंगे और नेत्रदान के प्रति जागरूकता संबंधी रोटरी आई बैंक के साथ मिलकर विशेष विशेष मुहिम चलाई जाएगी ताकि जिले को कॉर्नियल ब्लाइंडनेस मुक्त किया जा सके।इस अवसर पर विजय अरोड़ा, रमिंद्र सिंह , मदन लाल महाजन व अन्य उपस्थित थे।











