
पटना (द स्टैलर न्यूज़)। पटना से सटे बाढ़ अनुमंडल स्थित प्रसिद्ध उमानाथ गंगा घाट पर आज सुबह एक बेहद दर्दनाक और नाव हादसा होने की प्राप्त हुई है। दियारा इलाके की तरफ जा रही एक छोटी डेंगी नाव अचानक बीच गंगा नदी में असंतुलित होकर पलट गई। इस नाव पर कुल 15 लोग सवार थे, जो सुबह के वक्त अपने खेतों से सब्जी तोड़ने के लिए गंगा पार जा रहे थे। नदी के बीचों-बीच नाव पलटने से 2 लोगों की मौत हो गई। घाट के नजदीक मौजूद स्थानीय मल्लाहों और नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए नदी में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों की मदद से अब तक 7 लोगों को तैरकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

हालांकि, इस हादसे में 2 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और प्रशासन ने शवों को नदी से बरामद कर लिया है। पीड़ित ने बताया कि “सभी लोग नाव पर सवार होकर नदी की दूसरी तरफ अपनी खेती को देखने और सब्जी तोड़ने जा रहे थे, तभी ये हादसा हो गया।”नदी में डूबे बाकी 5 लापता लोगों की तलाश के लिए स्थानीय प्रशासन ने बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें और स्थानीय गोताखोर लगातार नदी के विभिन्न हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। पानी की तेज धारा को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि लापता लोग कुछ दूरी तक बह गए होंगे, इसलिए तलाशी का दायरा बढ़ा दिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल स्तर के आला अधिकारी तुरंत दलबल के साथ उमानाथ गंगा घाट पहुंचे। इस वक्त बाढ़ की एसडीओ (SDO) गरिमा लोहिया और एसडीपीओ (SDPO) रामकृष्ण खुद मौके पर कैंप कर रहे हैं। अधिकारी राहत और बचाव कार्य की सीधी निगरानी कर रहे हैं ताकि लापता लोगों को जल्द से जल्द ढूंढा जा सके।












