
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। नगर निगम होशियारपुर के चुनाव को लेकर मौजूदा आम आदमी पार्टी की सरकार के कारनामे एक से बढ़कर एक हैं और जिनके कारण जनता और राजनीतिक पार्टियों के उम्मीदवार खासे परेशान हो रहे हैं। क्योंकि, नई वार्डबंदी रद्द हो चुकी है तथा पुराने हिसाब से ही चुनाव प्रक्रिया करवाने के लिए अदालत ने कहा हुआ है। परन्तु मौजूदा सत्ताधारी बीएलओ को नई वार्डबंदी के हिसाब से लिस्टें बनाने और लोगों की वोटें कांटने छांटने में लगे हुए हैं। बीएलओ को सत्ताधारी गुमराह कर रहे हैं और वह आगे जनता व उम्मीदवारों को। जिस कारण एतराज दिए जाने के बावजूद भी वोटर लिस्टें ठीक नहीं की जा रहीं। इसलिए अगर प्रशासन ने इस तरफ जल्द ही ध्यान न दिया तो इस मामले को लेकर माननीय हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और बीएलओज़ की होगी।

यह बात जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं वार्ड 4 से कांग्रेसी उम्मीदवार हरीश आनंद ने आज यहां जारी एक प्रैस विज्ञप्ति में कही। उन्होंने कहा कि होशियारपुर में अपनी हार को देखते हुए आप विधायक एवं अन्य नेता हर प्रकार का हथकंडा अपनाकर चुनाव जीतने की कोशिश में हैं। लेकिन, जिस प्रकार से जनता को इनके द्वारा तंग परेशान किया जा रहा है, उससे यह साफ हो गया है कि जनता इन्हें बाहर का रास्ता दिखाने का मन बना चुकी है। आनंद ने कहा कि एक गली की वोटें जिसमें मान लो 10 घर हैं तो उसमें 4 वोटें किसी अन्य वार्ड में डाल दी गई हैं और बाकी किसी ओर में, जबकि जब गली एक वार्ड में आती है तो वहां रहने वालों की वोटें दूसरे वार्ड में कैसे हो सकती हैं। लेकिन अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए गलत ढंग से वोटर सूचियां बनाने का काम जारी है। जिस कारण जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं कई बीएलओज़ भी इस बात को लेकर चिंतित और परेशान हैं, लेकिन सरकारी नौकर होने के चलते वह खुलकर कहने में असमर्थता जता रहे हैं। आनंद ने जिलाधीश-कम-जिला चुनाव अधिकारी से अपील की कि वह उम्मीदवारों एवं राजनीतिक पार्टियों द्वारा दिए गए एतराजों पर गंभीरता से गौर करें ताकि चुनाव निष्पक्ष एवं पारदर्शी हो सकें।












