Monday, October 26, 2026
Home International शादी के कुछ घंटों बाद छाया मातम, हैलीकॉप्टर हादसे ने छीना नवविवाहिता...

शादी के कुछ घंटों बाद छाया मातम, हैलीकॉप्टर हादसे ने छीना नवविवाहिता का सुहाग

दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। भारतीय मूल के 25 वर्षीय पायलट डेव फिजी की शादी के कुछ ही घंटों बाद हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर हादसे के बावजूद जीवित बच गईं। अटलांटा स्थित डेल्टा एयर लाइंस के पायलट डेव फिजी ने शनिवार को अपनी लंबे समय की साथी जेस्नी के साथ विवाह किया था। शादी समारोह जॉर्जिया के डॉसनविल स्थित एक वेडिंग वेन्यू में सैकड़ों मेहमानों की मौजूदगी में संपन्न हुआ था। शादी के बाद नवविवाहित दंपती हेलीकॉप्टर के जरिए पीचट्री-डेकाल्ब हवाई अड्डा जा रहे थे, जहां से उन्हें अटलांटा के एक होटल पहुंचना था। इसी दौरान उनका रॉबिन्सन आर66 हेलीकॉप्टर डॉसन काउंटी के पहाड़ी और घने जंगल वाले इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर पायलट और डेव फिजी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी जेस्नी घायल अवस्था में मलबे के नीचे फंस गईं।

Advertisements

परिजनों के अनुसार, जेस्नी करीब पांच घंटे तक हेलीकॉप्टर के मलबे और गिरे हुए पेड़ों के नीचे फंसी रहीं। बचाव दल को दुर्गम इलाके और घने जंगल के कारण घटनास्थल तक पहुंचने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। डेव के पिता जॉर्ज फिजी ने स्थानीय मीडिया को बताया कि जब जेस्नी को होश आया तो उन्होंने खुद को मलबे के नीचे पाया। उन्होंने अपने पति को पुकारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। परिवार के मुताबिक, रिसेप्शन समाप्त होने तक मौसम खराब हो चुका था। इलाके में बारिश और घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई थी। डेव फिजी स्वयं एक अनुभवी वाणिज्यिक पायलट थे और उन्होंने उड़ान भरने को लेकर चिंता भी जताई थी। उनके पिता ने बताया कि डेव ने कहा था कि इतनी कम दृश्यता में वह खुद उड़ान नहीं भरते। हालांकि, हेलीकॉप्टर पायलट ने ऊंचाई बढ़ाकर उड़ान जारी रखने का फैसला किया और कुछ समय बाद हादसा हो गया। डेव फिजी के माता-पिता मूल रूप से मुवात्तुपूजा के रहने वाले हैं और वर्षों पहले अमेरिका जाकर बस गए थे। बेटे की असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here