
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन की तऱफ से आयोजित सीनियर वूमैन एक दिवसीय इंटर डिस्ट्रिक्ट टूर्नामैंट में होशियारपुर की टीम ने उपकप्तान निरंका के नाबाद शतकीय पारी 121 रन की बदौलत जिला फतेहगढ़ साहिब की टीम को हराकर 4 अंक अर्जित किए। इस संबंधी जानकारी देते हुए एचडीसीए सचिव डा. रमन घई ने बताया कि 50-50 ओवर के इस मैच में फतेहगढ़ साहिब की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 233 रन बनाए। जिसमें इशमन कौर रंधावा ने 53 तथा बबलीन कौर ने 44 रन का योगदान दिया। होशियारपुर की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए वंशिका ने 4, अंजली शीहमर व जैसिका जस्सल ने 1-1 विकेट लिया। 50 ओवर में जीत के लिए 134 रन का लक्ष्य लेकर बल्लेबाजी करने उतरी होशियारपुर की टीम ने निरंका के शानदार 102 गेंदों में नाबाद 121 रन की बदौलत 30.4 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 237 रन बनाकर 8 विकेट से यह मैच जीत लिया।

डा. घई ने बताया कि होशियारपुर की ओर से निरंका के अलावा मनरीत औलख ने 35, पूजा देवी ने 31 तथा वंशिका ने नाबाद 20 रन का योगदान दिया। उन्होंने बताया कि होशियारपुर की टीम ने इस जीत के साथ सीनियर महिला पूल-ए में 4 अंकों के साथ पहला स्थान बना लिया है। टीम की इस जीत पर एचडीसीए अध्यक्ष डा. दलजीत खेला, विवेक साहनी, जोगराज ठाकुर, डा. पंकज शिव, जतिंदर सूद, साब दयाल, सुभाष शर्मा, साहिल बहल ने बधाई दी। इस मौके पर जिला महिला कोच दविंदर कल्याण, सहायक कोच निकिता, जिला ट्रेनर-कम-टीम मैनेजर कुलदीप धामी, जिला कोच दलजीत सिंह, प्रवीन शिंटू, पंकज पिंका, दिनेश शर्मा, अशोक शर्मा आदि ने भी टीम को बधाई देते हुए आगे के मैचों के लिए शुभकामनाएं भेंट की। डा. घई ने बताया कि महिला क्रिकेट टीम ने पिछले वर्षों में बुलंदियों को छुआ है, जिसमें सुरभि राष्ट्रीय कैंप बैंगलोर में भाग लेने के लिए गई हुई है। उन्होंने बताया कि होशियारपुर का अगला मुकाबला 9 जून को कपूरथला के साथ खेला जाएगा। इस दौरान डा. घई ने एचडीसीए की तरफ से निरंका को सम्मानित किया।












