
हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। हरियाणा के रोहतक जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर स्थित कनक ढाबे के बाहर खड़ी एक कार में दिल्ली पुलिस के एक जवान का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान झज्जर जिले के गांव आसौदा निवासी सुधीर के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस में कार्यरत था।

सोमवार सुबह करीब 10 बजे ढाबे के कर्मचारियों ने कार के अंदर एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में पड़ा देखा। जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो इसकी सूचना तुरंत सांपला पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। कार से मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान दिल्ली पुलिसकर्मी सुधीर के रूप में हुई। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम और डीएसपी राकेश मलिक भी मौके पर पहुंचे। जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। यह हत्या का मामला है या आत्महत्या अथवा किसी अन्य कारण से मौत हुई है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक भेज दिया गया है।












