
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। डिसेबल्ड पर्सन वेलफेयर सोसाइटी होशियारपुर द्वारा डॉ. बशीर बद्र की स्मृति में दिव्यांग व्यक्तियों के लिए एक विशेष कार्यक्रम “महफ़िल-ए-ग़ज़ल” आयोजित किया गया। इस संबंध में सोसाइटी के अध्यक्ष संदीप शर्मा और महासचिव राज कुमार ने बताया कि यह कार्यक्रम डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मैडम डॉली चीमा, हरीश सैनी व बिट्टू ने दीप प्रज्वलित करके किया।

सोसाइटी के पदाधिकारियों ने बताया कि दिव्यांग व्यक्तियों के लिए इस प्रकार का कार्यक्रम पंजाब में पहली बार आयोजित किया गया है। इसमें दिव्यांग शायरों और ग़ज़ल गायकों ने भाग लिया। ग़ज़ल गायकों में इकबाल सिंह, राजकुमार सहगल, विजय कुमार और सोहराब सिंह शामिल थे।
अपनी शायरी से उपस्थित अतिथियों को प्रभावित करने वालों में चंडीगढ़ से रोमी कुमार मासूम, मोहाली से रवि खराना, मान्या ठुकराल तथा होशियारपुर से हरमनदीप सिंह, लुधियाना से राजकुमार सहित अन्य कलाकारों ने अपने हुनर का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मैडम मीनाक्षी मेनन और प्रोफेसर अमन ने भी विशेष प्रस्तुति देकर समां बांधा। विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. मोहम्मद डा. जमील बाली ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम दिव्यांग लोगों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इससे उन्हें समाज में सम्मान और पहचान मिलती है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग व्यक्ति भी समाज का अभिन्न अंग हैं तथा उन्होंने सोसाइटी को आर्थिक सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर प्रेम सैनी, मनोहर सिंह, डॉ. हरजिंदर सिंह उबराय, मदन लाल महाजन, दीप बागपुरी, हरमिंदर कलसी, हरदीप सिंह, प्रदीप सिंह, हरवंस कमल सहित शहर की अनेक प्रमुख हस्तियां उपस्थित थीं। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. केवल कृष्ण तख़ी ने अत्यंत प्रभावशाली ढंग से किया।











