
होशियारपुर/ब्रैम्पटन (द स्टैलर न्यूज़): पंजाबी साहित्य, शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाली प्रसिद्ध लेखिका एवं अध्यापिका अंजू वी. रत्ती को कनाडा की सांसद Ruby Sahota द्वारा उनके कार्यालय में “Certificate of Recognition” प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सम्मान पत्र में अंजू वी. रत्ती की शिक्षा, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र में दी गई उत्कृष्ट सेवाओं की भरपूर सराहना की गई है। उन्हें एक समर्पित अध्यापिका, प्रतिभाशाली लेखिका और समाज के प्रति प्रतिबद्ध सामुदायिक नेतृत्वकर्ता के रूप में मान्यता दी गई, जिन्होंने अपने ज्ञान, साहित्यिक सृजन और समाज सेवा के माध्यम से अनेक लोगों के जीवन को प्रभावित किया है।
इस अवसर पर अंजू वी. रत्ती ने अपनी लिखी हुई पुस्तकें भी सांसद रूबी सहोता को भेंट कीं। सांसद ने उनके साहित्यिक एवं शैक्षिक योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि बाल साहित्य, शिक्षा और समाज के विकास के लिए उनके द्वारा किया जा रहा रचनात्मक कार्य अत्यंत सराहनीय है तथा भविष्य में भी उनसे ऐसे ही महत्वपूर्ण योगदान की अपेक्षा रहेगी।
उल्लेखनीय है कि श्रीमती अंजू वी. रत्ती पिछले लगभग 25 वर्षों से साहित्य सेवा, अध्यापन और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी हुई हैं। अपने साहित्यिक और सामाजिक योगदान के लिए उन्हें देश-विदेश की अनेक संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
सम्मान प्राप्त करने के उपरांत अंजू रत्ती ने कहा कि कनाडा की धरती पर सांसद रूबी सहोता के हाथों मिला यह सम्मान उनके लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि इस सम्मान से साहित्य, शिक्षा और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। इस अवसर पर उन्होंने अपने परिवार, मित्रों, पाठकों और शुभचिंतकों का विशेष धन्यवाद किया।
अंजू वी. रत्ती की इस उपलब्धि से उनके परिवार, मित्रों तथा साहित्यिक जगत में खुशी की लहर है। इस सम्मान को पंजाबी साहित्य और शिक्षा जगत के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।












