Sunday, October 4, 2026
Home Hoshiarpur लायंस क्लब होशियारपुर पर्ल की बैठक में जल संरक्षण पर मंथन, हर...

लायंस क्लब होशियारपुर पर्ल की बैठक में जल संरक्षण पर मंथन, हर बूंद बचाने का लिया संकल्प

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। लायंस क्लब होशियारपुर पर्ल की ओर से प्रधान लायन विजय अरोड़ा की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष रूप से पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर शिव कुमार सेखड़ी, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर हरीश बंगा तथा लियो डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन पाल सिंह बंगा उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य विषय जल संरक्षण रहा। सभी वक्ताओं ने वर्तमान समय में तेजी से घटते भूजल स्तर, बढ़ती जल की मांग तथा जलवायु परिवर्तन के कारण उत्पन्न हो रहे जल संकट पर गंभीर चिंता व्यक्त की और समाज के प्रत्येक नागरिक से जल संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। जल संरक्षण के लिए वर्षा जल संचयन, पानी का पुनः उपयोग, रिसाव रोकना तथा पानी का विवेकपूर्ण उपयोग जैसे उपाय अत्यंत प्रभावी माने जाते हैं।
इस अवसर पर चेयरमैन आई डोनेशन व प्रमुख समाजसेवी संजीव अरोड़ा ने आगामी लगाए जाने वाले प्रकल्पों की जानकारी देते हुए कहा कि बरसात के मौसम देखते हुए पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा और इसके साथ- साथ अन्य प्रकल्प जैसे जरूरतमंद विद्यार्थियों को पुस्तकें, स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक मुक्त अभियान व अन्य प्रकल्प लगाए जाएंगे।

Advertisements

इस अवसर पर शिव कुमार सेखड़ी ने कहा कि आज पानी की हर बूंद अमूल्य है। यदि समय रहते जल संरक्षण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर, विद्यालय, कार्यालय एवं औद्योगिक संस्थान में वर्षा जल संचयन प्रणाली अनिवार्य रूप से अपनाई जानी चाहिए। साथ ही टपकते नलों एवं पाइपों की तुरंत मरम्मत कर जल की बर्बादी रोकनी चाहिए तथा बच्चों में भी जल बचाने की आदत विकसित करनी चाहिए।  इस अवसर पर हरीश बंगा ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सुझाव दिया कि लोग वाहन धोने के लिए पाइप के बजाय बाल्टी का प्रयोग करें, बाग-बगीचों में सुबह या शाम के समय सिंचाई करें, रसोई एवं घरेलू कार्यों में पानी का पुनः उपयोग करें तथा अनावश्यक रूप से बहते नलों को तुरंत बंद करें। छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े परिवर्तन ला सकते हैं।

इस मौके प्रधान लायन विजय अरोड़ा व संजीव अरोड़ा ने कहा कि युवाओं को जल संरक्षण अभियान से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। विद्यालयों, कॉलेजों, सामाजिक संस्थाओं और क्लबों के माध्यम से नियमित जागरूकता अभियान, पौधारोपण, जल संरक्षण रैलियां तथा वर्षा जल संचयन संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए ताकि समाज में जल बचाने की स्थायी संस्कृति विकसित हो सके और श्री अरोड़ा ने कहा कि लायंस क्लब होशियारपुर पर्ल भविष्य में भी जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाएगा। उन्होंने सभी सदस्यों से अपने-अपने घरों एवं कार्यस्थलों पर जल बचाने के सरल उपाय अपनाने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने “जल है तो कल है” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर  रीजन चेयर पर्सन, हरजीत भाटिया, रजिंद्र सिंह, अवतार सिंह व अन्य उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here