
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज), नीरज धीमान: पंजाब में गर्मियों की छुट्टियां खत्म होने के बाद 1 जुलाई 2026 से स्कूल दोबारा खुल गए हैं। स्कूल खुलते ही राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद, पंजाब ने कक्षा तीसरी से आठवीं के छात्रों के लिए ‘मिशन समर्थ 4.0’ को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। SCERT के निदेशक द्वारा राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, डाइट प्रिंसिपलों, बीपीईओ और स्कूल प्रमुखों को पत्र जारी कर इन आदेशों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है।

होमवर्क चेकिंग और छात्रों की ग्रुपिंग
जारी निर्देशों के अनुसार, सभी शिक्षकों को सबसे पहले छात्रों को छुट्टियों में दिए गए काम (होमवर्क) की जांच सुनिश्चित करनी होगी। इसके साथ ही, बच्चों के सीखने के स्तर के आधार पर उनकी ग्रुपिंग की जाएगी। यदि आवश्यक हो, तो शिक्षक छात्रों का दोबारा टेस्ट भी ले सकते हैं ताकि उनके मौजूदा स्तर का सही पता लगाया जा सके।
15 जुलाई से होगी एंडलाइन टेस्टिंग
मिशन समर्थ 4.0 के तहत छात्रों के मूल्यांकन के लिए एंडलाइन टेस्टिंग का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है:
· कक्षा 3 से 8 के छात्रों के लिए एंडलाइन मूल्यांकन 15 जुलाई 2026 से 18 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
· इस टेस्टिंग का डेटा e-Punjab ऐप पर 15 जुलाई से 20 जुलाई 2026 तक अपडेट करना अनिवार्य होगा।
· एंडलाइन टेस्टिंग टूल 14 जुलाई 2026 को जिला शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से स्कूलों के साथ साझा कर दिया जाएगा।
शत-प्रतिशत उपस्थिति पर जोर
SCERT ने सभी स्कूल प्रमुखों को आदेश दिया है कि 1 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक मिशन समर्थ का संचालन सुचारू रूप से किया जाए। इस अवधि के दौरान स्कूलों में छात्रों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है, ताकि हर बच्चा अपने मौजूदा सीखने के स्तर से अगले स्तर तक पहुंच सके।












