
लखनऊ: लखनऊ के ठाकुरगंज की रहने वाली एक आम सी लड़की अपनी अलग सोच के साथ खास बन गई है। लखनऊ की रहने वाली हनुमान भक्त महनाज फातिमा एक तरफ रोजे रखती है, तो वहीं वह नवरात्रि के 9 व्रत भी रखती हैं। आपको बता दें फातिमा पिछले दस सालों से हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की सेवा करती आ रही हैं।

मंदिर में उनकी ड्यूटी श्रद्धालुओं को दर्शन करवाने, प्रवेश करवाने, लाइन लगवाने में लगती है। फातिमा का कहना है कि उन्हें हनुमान जी की सेवा करने से कोई नहीं रोक सकता। बचपन से ही उनके मन में हनुमानजी के लिए भक्ति भावना थी। वह बचपन से ही हनुमान जी को पूजती आ रही हैं।
महनाज ने बताया कि स्कूल से लौटते समय वो अक्सर मंदिर जाकर मत्था टेकती थीं और तिलक लगाकर घर आती थीं। माथे पर टीका देख कई बार घरवाले हैरत में पड़ जाते थे और सवाल करते थे कि तुम मंदिर क्यों गईं, तुम तो मुस्लिम हो। लेकिन अब कोई कुछ नहीं कहता सब मेरी भक्तिभावना के आगे झुक गए।
फातिमा मेहनत से घर का खर्च निकालने के लिए ट्यूशन भी पढ़ाती हैं। महनाज के पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं। वह अपनी मां और बड़े भाई के साथ रहती हैं। वो कहती हैं कि पिता के जाने के बाद से उनके घर को बड़े भाई और मां ने संभाला। लेकिन अब वो भी इस काबिल हो चुकी हैं कि घर को संभालने में हाथ बटाएं। वह गवर्नमेंट सर्विस की तैयारी के साथ-साथ बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाती हैं।
इस बार रोजा और बड़ा मंगल एक ही दिन पड़ा। इस साल जून महीने में रमजान शुरू हो गए। वहीं, बड़े मंगल की भी शुरुआत हुई। ऐसे में फातिमा ने बड़े मंगल के चलते वो रोजे के साथ-साथ उन्होंने व्रत भी रखा और मंदिर जाकर सुंदरकांड भी पढ़ा।
courtesy: indiavoice,tv
http://indiavoice.tv/lucknow/11189-girl-do-ramadan-roza-and-navratra-vrat









