Tuesday, October 27, 2026
Home Hoshiarpur लायंस क्लब होशियारपुर पर्ल ने की नई कार्यकारणी की घोषणा, आगामी प्रकल्पों...

लायंस क्लब होशियारपुर पर्ल ने की नई कार्यकारणी की घोषणा, आगामी प्रकल्पों की बनाई रूप रेखा

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। लायंस क्लब होशियारपुर पर्ल की ओर से प्रधान विजय अरोड़ा के नेतृत्व में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें क्लब की नई कार्यकारिणी की घोषणा वर्ष 2026-27 के लिए करते हुए आगामी सेवा प्रकल्पों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक का उद्देश्य नई टीम के साथ समाज सेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाना रहा। इस अवसर पर सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें हरिश चुघ एवं अनिल कुमार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कुमार गौरव को उपाध्यक्ष, राजेश नंदा को संयुक्त सचिव, विजय गुप्ता को वित्त सचिव, डॉ. राजिंदर गुप्ता को टेल ट्विस्टर तथा उमेश राणा को मेंबरशिप ग्रोथ चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपी गई। उपस्थित सदस्यों ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

Advertisements

क्लब के पीआरओ प्रमुख समाजसेवी लायन संजीव अरोड़ा ने आगामी सेवा प्रकल्पों की जानकारी देते हुए बताया कि क्लब द्वारा वर्षभर  रक्तदान शिविर, नेत्र जांच एवं स्वास्थ्य जांच शिविर, नेत्रदान एवं अंगदान जागरूकता अभियान, पर्यावरण संरक्षण अभियान, जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम, जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहायता, दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक सेवा, स्वच्छता अभियान, आपदा राहत एवं मानवीय सेवा कार्य, तथा विभिन्न सामाजिक एवं मानवीय सेवा प्रकल्प आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना ही नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को भी सशक्त बनाना है।

इस अवसर पर प्रधान विजय अरोड़ा ने कहा, “लायंस क्लब होशियारपुर पर्ल की नई कार्यकारिणी पूरी निष्ठा, समर्पण और टीम भावना के साथ समाज सेवा के नए आयाम स्थापित करेगी। हमारा प्रयास रहेगा कि प्रत्येक प्रकल्प समाज की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर संचालित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंच सके। सभी सदस्यों के सहयोग से क्लब सेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।”

बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने आगामी प्रकल्पों को सफल बनाने का संकल्प लिया तथा समाज सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का विश्वास व्यक्त किया। इस अवसर पर राजेश नंदा,शिक्षा शास्त्री अश्वनी कुमार दत्ता, विजय गुप्ता, एच. के. नाकड़ा, कुमार गौरव, पंकज कुमार, सुखवंत सिंह, डा. राजिंदर गुप्ता, कुलवंत राय, सुखविंदर सिंह, अनिल कुमार, उमेश राणा व अन्य उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here