
त्रिपुरा (द स्टैलर न्यूज़)। त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग धनखड़ का शव राज्य के पुलिस मुख्यालय में मिलने से पूरे पुलिस और प्रशासनिक महकमे में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है। बताया जा रहा है कि अनुराग धनखड़ को गोली लगने के बाद तत्काल गोविंद बल्लभ पंत (जीबीपी) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि डीजीपी अनुराग धनखड़ ने अपनी सर्विस पिस्तौल से खुद को गोली मारी।

हालांकि उन्होंने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। मामले की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है। अनुराग धनखड़ 1994 बैच के त्रिपुरा कैडर के आईपीएस अधिकारी थे। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के निवासी थे। उन्होंने पुलिस सेवा में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं और वर्तमान में त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक के पद पर कार्यरत थे।












