
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। श्री आत्मानंद जैन सभा द्वारा संचालित एस.ए.वी. जैन डे बोर्डिंग स्कूल में प्रधान जीवन जैन की अध्यक्षता में अंतर्राष्ट्रीय शतरंज दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल में अंतर-कक्षा शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 6 से +2 तक के छात्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष सभा से हुई। बाहरवीं के छात्र अंशुमन ने शतरंज के इतिहास और इसके लाभों पर विचार व्यक्त किए और बताया कि शतरंज खेलने से एकाग्रता, याददाश्त और समस्या सुलझाने की क्षमता बढ़ती है।

प्रतियोगिता वर्गों में करवाई गई – U-14, U-17, U-19 सभी मुकाबले नॉकआउट आधार पर हुए। प्रधान जीवन जैन ने अपने भेजे संदेश में कहा कि शतरंज केवल मोहरों का खेल नहीं, बल्कि बुद्धिमत्ता, धैर्य, अनुशासन और दूरदर्शिता का अद्भुत संगम है। यह ऐसा खेल है जो प्रत्येक विद्यार्थी को सोच-समझकर निर्णय लेना, परिस्थितियों का विश्लेषण करना तथा हर चुनौती का साहस और संयम के साथ सामना करना सिखाता है। सेक्रेटरी माणिक जैन ने कहा कि शतरंज की हर चाल हमें यह संदेश देती है कि जीवन में सफलता केवल तेज़ी से नहीं, बल्कि सही समय पर सही निर्णय लेने से प्राप्त होती है। यह खेल बच्चों में एकाग्रता, तार्किक चिंतन, स्मरण शक्ति, आत्मविश्वास, रचनात्मकता तथा नेतृत्व क्षमता का विकास करता है।कैशियर साहिल जैन ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम बन चुका है। यह विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और निर्णयक्षम बनाता है, जिससे वे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होते हैं।
स्कूल डीन सुनीता दुग्गल और प्रिंसिपल श्रीमती मनु वालिया ने प्रतियोगिता के परिणाम के बारे में बताया कि U – 14 वर्ग में प्रथम स्थान पर नमय कक्षा 8वीं, द्वितीय स्थान पर सनाउल इस्लाम कक्षा 7वीं और तृतीय स्थान पर शिफाउल इस्लाम कक्षा 7वीं रहे। U – 17 वर्ग में प्रथम स्थान पर प्रभलीन कक्षा 10वीं, द्वितीय स्थान पर जसलीन कक्षा 10वीं, तृतीय स्थान पर रवनीत कक्षा 9वीं रहे। U – 19 वर्ग में प्रथम स्थान।पर ब्रह्मप्रीत कक्षा +2 कॉमर्स, द्वितीय स्थान पर रिधम सूरी कक्षा +2 कॉमर्स और तृतीय स्थान पर आरव विग कक्षा 8वीं A रहे। U – 17 लड़कों में प्रथम स्थान पर जय कंडा कक्षा 8वीं ,द्वितीय स्थान पर नमीश कक्षा 9वीं ,तृतीय स्थान पर नितीश कक्षा 9वीं ,चतुर्थ स्थान पर बादल कक्षा 8वीं रहे। स्कूल डीन सुनीता दुग्गल और प्रिंसिपल श्रीमती मनु वालिया ने सभी विजेताओं को पदक देकर सम्मानित किया।












