
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। जिला हमीरपुर और बिलासपुर की सीमा पर दियोटसिद्ध-शाहतलाई मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस हादसे का शिकार हो गई। अमृतसर (पंजाब) से बाबा बालकनाथ के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बस में कुल 35 श्रद्धालु सवार थे। हादसे में 13 श्रद्धालु घायल हुए, जिनमें से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर घायलों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

शेष 10 घायलों का उपचार सिविल अस्पताल बड़सर में चल रहा है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों, टैक्सी चालकों, पुलिस और प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया गया तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।












