
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। नीट पेपर लीक आंदोलन के दौरान चर्चा में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के बाद अब सोशल मीडिया पर एक नया ऑनलाइन अभियान ‘E20 जनता पार्टी’ तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है। यह अभियान सरकार से मांग कर रहा है कि पेट्रोल पंपों पर E20 (20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल के साथ-साथ 100 प्रतिशत शुद्ध पेट्रोल का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाए, ताकि उपभोक्ता अपनी पसंद के अनुसार ईंधन चुन सकें। मलेशिया आधारित एक्स (X) अकाउंट से संचालित E20 जनता पार्टी का कहना है कि वह एथेनॉल मिश्रित ईंधन का विरोध नहीं कर रही है, बल्कि उपभोक्ताओं के पास विकल्प न होने का विरोध कर रही है।

अभियान का मुख्य संदेश है कि वाहन मालिकों को यह अधिकार होना चाहिए कि वे अपनी गाड़ी में कौन-सा ईंधन भरवाना चाहते हैं। E20 जनता पार्टी ने सरकार के सामने कई मांगें रखी हैं। इनमें 100 प्रतिशत पेट्रोल की बिक्री फिर से शुरू करना, सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन की स्पष्ट लेबलिंग करना, E20 के माइलेज, इंजन प्रदर्शन और रखरखाव लागत से जुड़े अध्ययन सार्वजनिक करना तथा E20 के दीर्घकालिक प्रभावों पर स्वतंत्र वैज्ञानिक शोध कराना शामिल है। यह ऑनलाइन अभियान उसी व्यंग्यात्मक और सोशल मीडिया केंद्रित शैली का इस्तेमाल कर रहा है, जिसने नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला दिया था।












