Monday, October 5, 2026
Home National CWG 2026: नीरज चोपड़ा ने जेवलिन में जीता रजत, यशवीर सिंह का...

CWG 2026: नीरज चोपड़ा ने जेवलिन में जीता रजत, यशवीर सिंह का ब्रॉन्ज पर कब्जा

दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। भारतीय भालाफेंक स्टार नीरज चोपड़ा ने कठिन मौसम और तेज हवाओं के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक अपने नाम किया। हालांकि वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं दोहरा सके, लेकिन 85.83 मीटर के सीजन बेस्ट थ्रो के दम पर दूसरे स्थान पर रहने में सफल रहे। टोक्यो ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता 28 वर्षीय नीरज ने यह थ्रो अपने दूसरे प्रयास में किया। इससे पहले उनका इस सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 85.69 मीटर था, जो उन्होंने 19 जून को दोहा डायमंड लीग में किया था, जहां वह चौथे स्थान पर रहे थे। भारत के लिए एक और खुशी की बात यह रही कि पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा ले रहे 24 वर्षीय यशवीर सिंह ने अंतिम प्रयास में 85.41 मीटर का शानदार थ्रो फेंककर कांस्य पदक जीत लिया। यशवीर पांचवें दौर तक 81.33 मीटर के साथ सातवें स्थान पर थे, लेकिन आखिरी प्रयास में उन्होंने सभी को चौंकाते हुए अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

Advertisements

इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 83.72 मीटर था। स्वर्ण पदक श्रीलंका के स्टार भालाफेंक खिलाड़ी रूमेश थरंगा पथिरागे ने जीता। उन्होंने बेहद ठंड और तेज हवाओं के बावजूद 89.75 मीटर का थ्रो फेंका। पथिरागे ने जून में रोम डायमंड लीग में 92.62 मीटर का शानदार थ्रो भी किया था। भारत के रोहित यादव 81.56 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ सातवें स्थान पर रहे। वहीं, पाकिस्तान के मौजूदा ओलंपिक चैंपियन और गत राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता अरशद नदीम 77.41 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ पहले तीन दौर के बाद ही प्रतियोगिता से बाहर हो गए। मौजूदा विश्व चैंपियन त्रिनिदाद एवं टोबैगो के केशोर्न वालकॉट छठे स्थान पर रहे। भारत के लिए यह मुकाबला दो पदकों के साथ समाप्त हुआ, जिसमें नीरज चोपड़ा ने रजत और यशवीर सिंह ने कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here