
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। अफ्रीकी देश कांगो के पूर्वी हिस्से में 2 स्कूलों में भीषण आग लग गई। इस हादसे में करीब 26 छात्रों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं। दक्षिण किवु प्रांतीय सरकार के मुताबिक, मृतकों में 19 लड़कियां और 7 लड़के शामिल हैं। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। आग बकावु शहर में एक घर से शुरू हुई और देखते ही देखते पास के 2 स्कूलों तक फैल गई। स्थानीय इलाके के प्रशासक मोइसे लुबाला ने बताया कि आग फुराहा सेकेंडरी स्कूल और पास स्थित उजामा प्राइमरी स्कूल तक पहुंच गई। लुबाला के मुताबिक, फुराहा सेकेंडरी स्कूल के अंदर कई छात्र फंस गए। कुछ छात्रों की दम घुटने से मौत हो गई। आग लगने के बाद स्कूल से बाहर निकलने की कोशिश में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

उन्होंने बताया, ‘बाहर निकलने का रास्ता बहुत संकरा था। कुछ छात्र खिड़कियों से कूदने लगे, जबकि दूसरे दरवाजे की ओर भागे। सभी एक साथ बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, जिससे कुछ छात्र गिर गए और भीड़ के पैरों तले कुचल गए।’ फिलहाल आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है। स्थानीय प्रशासक लुबाला के मुताबिक, जिस इलाके में आग शुरू हुई, वहां आबादी काफी घनी है और ज्यादातर घर लकड़ी से बने हुए हैं। ऐसे में आग तेजी से फैल गई। कांगो की सरकार को देश के पूर्वी हिस्से पर नियंत्रण बनाए रखने में लंबे समय से मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन अब आग की वजह और हादसे में हुई मौतों की विस्तृत जांच कर रहा है।











