
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। एनवायरनमेंट सर्विस वीक के तहत लायंस क्लब होशियारपुर की ओर से पर्यावरण संरक्षण को समर्पित पौधारोपण प्रोजेक्ट का आयोजन किया गया। यह प्रोजेक्ट क्लब के प्रेसिडेंट लायन मुनीश सूद की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। प्रोजेक्ट चेयरमैन लायन संजीव कुमार एवं लायन उमेश शर्मा रहे।

इस अवसर पर क्लब सदस्यों ने विभिन्न प्रकार के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सदस्यों ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने लोगों को अपने आसपास पौधे लगाने और उनकी जिम्मेदारीपूर्वक देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
प्रेसिडेंट लायन मुनीश सूद ने कहा कि लायंस क्लब समाजसेवा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें पेड़ बनने तक पानी देना, उनकी सुरक्षा करना और नियमित देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने क्लब सदस्यों से भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रोजेक्टों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन दविंदर अरोड़ा, लायन दर्शन सिंह चौधरी, डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन एनवायरनमेंट लायन भारत गुप्ता, लायन विनोद पसान, लायन अतुल महिंद्रा, लायन हनी सूद, लायन लेडी आशु सूद, किरण अरोड़ा, अनीता पसान, वर्षा महिंद्रा, रजनी सूद, अमनदीप कौर तथा लायन मनदीप सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
क्लब सदस्यों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में अपना योगदान देना चाहिए। लायंस क्लब होशियारपुर की ओर से भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता एवं समाजसेवा से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट लगातार जारी रखने का संकल्प लिया गया।












