
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। मानसा में नशा बेचने वाले का विरोध करने तथा उस पर कार्यवाही की मांग कर रहे परविंदर सिंह झोटा की हत्या ने सिद्ध कर दिया है कि पंजाब सरकार की गलत नीतियों के कारण अपराधी प्रवृति के लोगों को कानून का कोई डर नहीं है। इसलिए सीएम भगवंत सिंह मान को इस घटना की जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत प्रभाव से अपने पद से त्यागपत्र देना चाहिए।

यह बात वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अमरपाल सिंह काका ने परविंदर सिंह झोटा की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आज हालात यह हैं कि आम लोग पुलिस से डरने लगे हैं और अपराधियों के हौंसले बुलंद हो रहे हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि आप की सरकार में वह पूरी तरह से सुरक्षित हैं। श्री काका ने कहा कि बड़े दुख की बात है कि एक तरफ नशा कई घर बर्बाद कर रहा है तो दूसरी तरफ नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को मौत दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली वालों की जी-हजूरी में सत्ता आसीन पंजाबी अपना फर्ज पूरी तरह से भूल चुके हैं और एक रोबोट की तरह रिमोर्ट कंट्रोल से काम कर रहे हैं, जबकि आजतक ऐसी कभी नहीं हुआ था। श्री काका ने पंजाबियों से कहा कि वह अगर अब भी नहीं जागे तो बहुत देर हो जाएगी तथा हम सभी को पंजाब और पंजाबियत को बचाने के लिए आप को यहां चलता करना होगा।












