Thursday, November 5, 2026
Home Latest AAP विधायक अमनदीप कौर के ठिकानों पर ED की रेड दूसरी दिन...

AAP विधायक अमनदीप कौर के ठिकानों पर ED की रेड दूसरी दिन भी जारी, दोनों घर सील, सर्च जारी

मोगा (द स्टैलर न्यूज़)। मोगा में प्रवर्तन निदेशालय (ई.डी.) ने आम आदमी पार्टी की विधायक और पंजाब महिला विंग की प्रधान डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के दोनों आवासों पर छापा मारा। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे ई.डी. की टीम ने विधायक के लुधियाना रोड स्थित आइकॉन हाइट्स फ्लैट पर छापा मारा। इसके बाद सुबह करीब 6 बजे ई.डी. की टीमें विधायक को साथ लेकर दुसांझ रोड स्थित उनकी कोठी पर छापेमारी करने पहुंचीं। यहां छापेमारी दूसरे दिन भी जारी रही। सुरक्षा अधिकारियों ने दोनों स्थानों को सील कर दिया था। हालांकि ई.डी. अधिकारियों ने इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी, लेकिन पता चला है कि सरकारी जमीन को राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए अधिग्रहित करने के दौरान सार्वजनिक धन के कथित दुरुपयोग और धोखाधड़ी के मामले में विधायक के परिवार के सदस्यों और करीबियों के ठिकानों पर पंजाब भर में 7 स्थानों पर छापेमारी की गई है।

Advertisements

उल्लेखनीय है कि जालंधर से धर्मकोट होते हुए गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-754ए के लिए अधिग्रहित जमीन का गलत तरीके से इंतकाल (मालिकाना रिकॉर्ड में बदलाव) कर पटवारी नवदीप सिंह ने गांव किशनपुरा खुर्द की निवासी दिलकुश कुमारी के खाते में 1 करोड़ रुपए से अधिक की राशि डलवाई थी। बाद में जांच के दौरान पता चला कि यह अधिग्रहित जमीन सरकारी थी। इस मामले में 16 जून 2024 को पटवारी नवदीप सिंह और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। बताया जा रहा है कि इस मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए ई.डी. की जांच का दायरा विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा और उनके परिवार के सदस्यों तक पहुंच गया है। इसके बाद ई.डी. की टीम ने बाघापुराना स्थित विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा के पति डॉ. राकेश अरोड़ा के मालिकाना हक वाले निजी नशा मुक्ति अस्पताल पर भी छापेमारी की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here