
लद्दाख (द स्टैलर न्यूज़)। लद्दाख के कारगिल-लेह नेशनल हाईवे-01 पर नमिका ला दर्रे के पास एक बड़ा हादसा हो गया। बुधवार, 4 नवंबर को भारतीय सेना का एक भारी वाहन अचानक अननियंत्रित होकर करीब 600 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में वाहन चालक और सह-चालक सहित भारतीय सेना के 2 जवान बलिदान हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान चलाया। गहरी खाई से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों जवानों के शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), चिकतान पहुंचाया गया। इस संबंध में स्थानीय पुलिस थाना वाखा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।












