Monday, November 16, 2026
Home Hoshiarpur समय पर जांच कैंसर से बचाव की कुंजी : डा. मनप्रीत कौर

समय पर जांच कैंसर से बचाव की कुंजी : डा. मनप्रीत कौर

चक्कोवाल (द स्टैलर न्यूज़)। सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. मनदीप कमल तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पी.एच.सी.) चक्कोवाल ब्राह्मणां की एस.एम.ओ. डॉ. मनप्रीत कौर के नेतृत्व में लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में लिवासा अस्पताल, होशियारपुर के सहयोग से पी.एच.सी. चक्कोवाल ब्राह्मणां में कैंसर जांच शिविर लगाया गया।

Advertisements

इस अवसर पर जानकारी देते हुए एस.एम.ओ. डॉ. मनप्रीत कौर ने बताया कि लोगों में कैंसर के प्रति जागरूकता पैदा करना बहुत जरूरी है। आज भी लोगों में कैंसर को लेकर काफी डर और भ्रांतियां हैं। मल्टी पर्पज हेल्थ वर्कर (महिला) तथा सी.एच.ओ. महिलाओं को स्तन कैंसर और बच्चेदानी के कैंसर के लक्षणों के बारे में लगातार जागरूक करते रहते हैं।

उन्होंने बताया कि कैंसर एक गंभीर बीमारी है, जिसके कारण काफी लोगों की मृत्यु भी होती है, लेकिन इसका काफी हद तक इलाज संभव है। महिलाओं में स्तन कैंसर और बच्चेदानी का कैंसर, जबकि पुरुषों में मुंह और फेफड़ों का कैंसर आम तौर पर देखने को मिलता है। इसलिए हमें स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए, ताकि इस बीमारी के होने का खतरा कम किया जा सके।

डॉ. मनप्रीत कौर ने बताया कि यदि हम रोजाना बाजार में मिलने वाली पैकेज्ड खाद्य वस्तुओं और तली हुई चीजों का अधिक सेवन करते हैं, तंबाकू का सेवन करते हैं या शराब पीते हैं, तो अन्य बीमारियों के साथ-साथ कैंसर होने का खतरा भी बढ़ जाता है। यदि किसी व्यक्ति को मुंह में छाले, महिलाओं के स्तनों में गांठ या उनके आकार में अचानक बदलाव, पेट के निचले हिस्से में दर्द, मासिक धर्म के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव आदि लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कैंसर का पता चल जाए तो इसका इलाज काफी हद तक सफल हो सकता है। कैंसर से बचाव के लिए हमें रोजाना व्यायाम या सैर करनी चाहिए तथा मौसमी फलों और सब्जियों का भरपूर सेवन करना चाहिए। इस अवसर पर डॉ. स्नेह लता (मेडिकल ऑफिसर), डॉ. गुरमिंदर सिंह, हरदीप सिंह (बी.ई.ई.), किरण, अमनीत कौर तथा सरपंच सतनाम सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here