
होशियारपुर/मेहटियाणा ( द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: कमलजीत कौर। थाना मेहटियाणा के इलाके में लूट की वारदातें एक आम सी बात बनती जा रही है। पुलिस से बेखौफ लुटेरे अपने मनसूबों को अंजाम देने में लगे हैं और पुलिस सांप निकल जाने के बाद लकीर पीटने में जुट जाती है। इतनी वारदातें होने के बावजूद पुलिस को अभी तक कोई बड़ी कामयाबी न मिलने से इलाके के लोग डरे सहमें से दिन काटने को मजबूर हो रहे हैं।

दो नकाबपोशों द्वारा दिन के समय एक व्यक्ति पर तेजधार हथियार से हमला करके उससे कैश से भरा बैग लूट कर फरार होने का समाचार सामने आया है। हालांकि पुलिस ने हर बार की तरह सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरु कर दी थी, मगर कोई कामयाबी न मिलने के चलते इलाका निवासियों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर काफी रोष है।
जानकारी के अनुसार हितेश कुमार पुत्र वरिंदर कुमाज जोकि आइडिया कंपनी में कार्य करता है ने बताया कि वे 1 अप्रैल को मेहटियाणा इलाके में पड़ते गांवों में कुलैक्शन करने आया हुआ था और दोपहर के समय इलाके के डीलरों से पैसे लेकर गांव बडला से हरमोईया अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहा था।
इसी दौरान रास्ते में मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश व्यक्तियों ने उसके सिर पर किसी हथियार से हमला कर दिया। जिससे वह गिर गया, परन्तु सिर पर हैलमट पहना होने के कारण उसे चोट नहीं आई। इसी बीच लुटेरे उसे डरा धमका कर उसका कैश से भरा बैग छीन कर फरार हो गए। बैग में करीब 50 हजार रुपये, 50-60 सिम कार्ड तथा एक मोबाइल था। सूचना मिलते ही डी.एस.पी. गुरजीत पाल सिंह पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लेते हुए जांच शुरु कर दी थी।












