
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब के हल्का शाहकोट से अकाली-भाजपा के संयुक्त उम्मीदवार नायब सिंह कोहाड़ पुत्र पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. अजीत सिंह कोहाड़ द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किए जाने के मौके पर आयोजित रैली में भाग लेने के लिए होशियापुर से भाजपा कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष डा. रमन घई की अगुवाई में यहां से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रवाना हुए।

वहां से लौटने पर डा. रमन घई ने कहा कि कांग्रेस के उम्मीदवार माइनिंग के मामले में नामजद हैं वहीं कांग्रेस के भ्रष्टाचार विरोधी दावों की भी पोल खुल गई है। उन्होंने कहा कि पूर्व कैबिनेट मंत्री अजीत सिंह कोहाड़ द्वारा अपने हल्के में करवाए गए विकास के दम पर ही अकाली-भाजपा उम्मीदवार नायब सिंह कोहाड़ भारी मतों से विजयी रहेंगे और जनता दिखा देगी कि झूठ की राजनीति करने वाले कांग्रेसियों के लिए उनके दिल में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि अकाली-भाजपा की पूरी टीम अपने उम्मीदवार को विजयी बनाने के लिए एकजुट होकर चुनावी दंगल में कूद चुकी है। उन्होंने अपने साथ गए कार्यकर्ताओं और मंडल अध्यक्षों का आभार व्यक्त किया।












