द ग्रेट खली की पहल: मंडी के पड्डल मैदान में रचा जाएगा इतिहास, भिड़ेंगे अंतरराष्ट्रीय रेस्लर

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। लोगों को रेस्लिंग के जिस शो का बेसब्री से इंतजार था उसकी तारीख लगभग तय कर ली गई है। रेस्लिंग का पहला शो हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में जून महीने के अंत में करवाया जाएगा। इसकी जानकारी खुद दीलिप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली ने पत्रकारों को दी। इससे पहले उन्होंने पड्डल मैदान का जायजा लिया और इसे शो के लिए फाइनल किया। उन्होंने बताया कि शो की सही तारीख जल्द ही तय कर ली जाएगी, लेकिन यह तय कर लिया गया है कि शो जून महीने के अंत में हर हाल में करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शो में यू.एस.ए. और साउथ अफ्रीका के कई नामी रेस्लर भाग लेंगे। इसके साथ ही द ग्रेट खली खुद भी रिंग में उतरकर अपनी ताकत दिखाएंगे तथा उनकी अकादमी के पहलवान भी अपना दम आजमाएंगे।

Advertisements

यह शो शाम को 5 बजे के बाद शुरू होगा और करीब पांच घंटों तक चलेगा। खली ने बताया कि जो शो मंडी में होगा वैसा शो अभी तक पूरे भारत में कहीं नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि हिमाचल उनकी जन्मभूमि और कर्मभूमि है, इसलिए वो यहां पर इस प्रकार के शो करवाने की दिशा में प्रयास कर रहे हैं। क्योंकि हर व्यक्ति विदेश जाकर ऐसे शो नहीं देख सकता इसलिए यहां पर भी यह शो करवाने का प्रयास किया जा रहा है।

द ग्रेट खली ने हिमाचल वासियों से की अपील, राज्य को प्लास्टिक मुक्त बनाने में दें सहयोग

द ग्रेट खली ने बताया कि शो पूरी तरह से वैसा ही होगा जैसा टीवी में दिखाई देता है। इसके लिए पड्डल मैदान को उसी रूप में सजाया जाएगा और वैसा ही माहौल तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसका सारा खर्च वह खुद उठाएंगे और सरकार व प्रशासन अपनी इच्छा से इसमें सहयोग कर सकते हैं। वह किसी प्रकार के सहयोग की सरकार से डिमांड नहीं करेंगे। खली ने बताया कि शो के लिए टिकट रखी जाएगी और उसका दाम आम आदमी की पहुंच में रखा जाएगा ताकि लोग टिकट खरीद सकें और शो का आनंद उठा सकें।

एक सवाल के जवाब में खली ने बताया कि अभी मंडी में अकादमी खोलने का उनका कोई विचार नहीं है। वह पहले यहां पर शो करवाना चाहते हैं और उसके बाद भविष्य में इस बारे में सोचा जाएगा।

इस दौरान खली ने सरकार द्वारा उन्हें हिमाचल प्रदेश का ब्रांड एम्बेसेडर बनाने पर राज्य सरकार का आभार भी जताया। उन्होंने प्रदेश के लोगों से हिमाचल को प्लास्टिक मुक्त राज्य बनाने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक का कचरा वातावरण के लिए घातक है और हम सभी को मिलकर इसके इस्तेमाल का बहिष्कार करना चाहिए। साथ ही उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील भी की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here