
जम्मू-कश्मीर (मिट्ठू की विशेष रिपोर्ट): भारी बरसात और लैंड स्लाइडिंग के चलते जहां दूसरे दिन पहलगांव से बाबा बर्फानी के दर्शनों को जाने वाले यात्रियों को जोजीपाल में रोक दिया गया था वहीं अब बरसात को देखते हुए प्रशासन द्वारा बालटाल से दर्शनों को जाने वाले यात्रियों को उस रास्ते से जाने पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन द्वारा यात्रियों को पहलगांव से जाने की सलाह दी गई है। आज यात्री पहलगांव से यात्रा के लिए जा सकेंगे। हमारे विशेष संवाददाता योगेश्वर मिट्ठू द्वारा भेजी गई रिपोर्ट मुताबिक इस बार श्री अमरनाथ व इसके आसपास के इलाकों में भारी बरसात हो रही है तथा यात्रा मार्ग अधिक स्लिपरी होने व लैंड स्लाइडिंग के चलते यात्रियों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इसलिए प्रशासन द्वारा किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जा रहा है और मौसम विभाग की चेतवनियों को देखते हुए सुरक्षा संबंधी सभी प्रबंध किए गए हैं और समय-समय पर सुरक्षा को देखते हुए यात्रा में बदलाव किए जा रहे हैं। योगेश्वर के अनुसार प्रशासन का कहना है कि बरसात थमने तथा मौसम विभाग की चेतवनी के मद्देनजर बालटाल से यात्रा खोलने का निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल इस मार्ग से यात्री पैदल यात्रा नहीं कर पाएंगे।









