Sunday, October 11, 2026
Home Hoshiarpur लोकसभा चुनाव में अनाधिकृत शराब व कैश के दुरुपयोग पर रखी जाएगी...

लोकसभा चुनाव में अनाधिकृत शराब व कैश के दुरुपयोग पर रखी जाएगी पैनी नजर: जिलाधीश

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। भारतीय चुनाव आयोग की हिदायतों अनुसार लोकसभा चुनावों में आदर्श चुनाव आचार संहिता को लागू करवाने के लिए आज जिला चुनाव अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर ईशा कालिया ने आयकर विभाग, आबकारी विभाग व बैंक अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें निर्देश दिए।

Advertisements

इस दौरान एस.एस.पी. जे. इलनचेलियन व अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर हरप्रीत सिंह सूदन भी उपस्थित थे। जिला चुनाव अधिकारी ईशा कालिया ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो चुकी है और भारतीय चुनाव आयोग की हिदायतों के अनुसार फ्लाइंग स्कवायज, स्टैटिक सर्विलेंस टीमें, वीडियो व्यूइंग टीमें, वीडियो सर्विलेंस टीमें, अकाउंटिंग टीमों का गठन किया जा चुका है।

-आयकर, आबकारी विभाग व बैंक अधिकारियों के साथ बैठक कर डिप्टी कमिश्नर ने दिए निर्देश

उन्होंने कहा कि आबाकारी विभाग जहां शराब का वितरण व अनाधिकृत स्टोरेज को लेकर चैकिंग करें वहीं बैंक व आयकर विभाग पैसों की ट्रांजेक्शन पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने बताया कि शराब बिना परमिट के एक जगह से दूसरी जगह नहीं जा सकेगी। चाहे इसका प्रयोग विवाह-शादी आदि के लिए ही क्यों न होना हो, वहीं इसके खर्च का विवरण जिला चुनाव अधिकारी के पास दर्ज करवाना जरु री होगा। जिला चुनाव अधिकारी ने आबकारी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वोटरों को लुभाने के लिए शराब वितरित की जा सकती है। इस गतिविधि पर नकेल डालने के लिए फ्लाइंग स्कवायड व स्टैटिक सर्विलेंस टीमें बनाई गई हैं।

यह टीमें नाके लगाकर शराब का वितरण व अनाधिकृत स्टोरेज रोकेंगी। उन्होंने कहा कि समय-समय पर अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में छापामारी करके इस बात को यकीनी बनाया जाए, कि कोई भी पार्टी/उम्मीदवार व उसका समर्थक शराब या किसी नशीले पदार्थों को तो नहीं बांट रहा। उन्होंने आबकारी और पुलिस विभाग को इस संबंधी एक्शन प्लान तैयार करने के लिए भी कहा और भारत चुनाव आयोग की हिदायतों के अनुसार तय किए गए निर्धारित प्रोफार्मे में रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेजने संबंधी निर्देश दिए। जिलाधीश ईशा कालिया ने बताया कि चुनाव के दौरान बड़ी मात्रा में कैश का आदान-प्रदान होने की संभावना होती है।

-कहा, बैंक व आयकर विभाग पैसों के आदान-प्रदान व खातों की ट्राजेक्शन पर दें विशेष ध्यान

इसीलिए अलग-अलग टीमों की ओर से अनाधिकृत कैश के दुरुपयोग पर कैसे नजर रखनी है और ऐसे कैश को जब्त करने की कार्रवाई कैसे की जानी है आदि के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि 50 हजार रुपये तक की नगदी ले जाने पर छूट होगी, जबकि 50 हजार से 10 लाख रुपये तक की नगदी के साथ उचित सबूतों का होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि अगर राशि 10 लाख रुपये से अधिक होगी तो संबंधित विभागों की की ओर से जब्त करने की कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। जिला चुनाव अधिकारी ने बैंक अधिकारियों को चुनाव आयोग की हिदायतों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव लडऩे वाले हर उम्मीदवार की ओर से बैंक में अलग खाता खोला जाना है।

यह खाता उम्मीदवार के नाम या उम्मीदवार और उसके चुनाव एजेंट के साथ सांझा हो सकता है, परंतु उम्मीदवार के पारिवारिक सदस्य या किसी अन्य सदस्य के साथ सांझा नहीं हो सकता। जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार की ओर से 20 हजार रुपये या इससे अधिक की अदायगी चैक, आर.टी.जी.एस. नैफट या डिमांड ड्राफ्ट के द्वारा की जानी है। उन्होंने बैंक अधिकारियों को हिदायत करते हुए कहा कि बैंकों का कैश जिस वाहन में लेकर जाया जाना है उसके सभी मुकम्मल कागजात होने चाहिए और किसी तीसरे पक्ष की नगदी नहीं होनी चाहिए और जो व्यक्ति नगदी लेकर आया है उसके पास संबंधित पहचान पत्र होना चाहिए।

ईशा कालिया ने बैंक अधिकारियों को कहा कि चुनाव के दौरान इस बात का ध्यान रखा जाए कि किसी भी बैंक खाते में एक लाख रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर तो नहीं हो रही है या किसी बैंक खाते से दूसरे बैंक खातों में आर.टी.जी.एस., नैफट के माध्यम से अदायगी तो नहीं हो रही है। अगर ऐसा कोई मामला सामने आता है तो मौके पर ही जिला चुनाव अधिकारी को इसकी जानकारी दी जाए। इस मौके पर सहायक आबकारी व कर कमिश्नर अवतार सिंह कंग, चुनाव तहसीलदार करनैल सिंह के अलावा अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here